दुल्हेपुरा ग्रामीणों ने अवैध बजरी माफियाओं और पुलिस मिलीभगत के खिलाफ कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

Update: 2026-02-02 10:56 GMT

भीलवाड़ा। थाना रायपुर क्षेत्र के ग्राम दुल्हेपुरा एवं देवनगर के समस्त ग्रामवासियों ने अवैध बजरी दोहन और बजरी माफियाओं के आतंक से परेशान होकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कोठारी नदी क्षेत्र में प्रतिदिन शाम होते ही बजरी माफिया जेसीबी, पोकलेन, ट्रैक्टर और डंपर के माध्यम से अवैध बजरी खनन करते हैं।

ग्रामीणों के अनुसार रतन गुर्जर, सांवर गुर्जर, गोटूलाल सुथार, सुरेश सुथार, कैलाश भील सहित अन्य लोगों ने एक संगठित गिरोह बना रखा है, जिसमें 10 से 15 लोग शामिल हैं। यह गिरोह हथियारों और लकड़ियों से लैस होकर आमजन को डराने-धमकाने का काम करता है तथा अवैध बजरी खनन का विरोध करने वालों को जान से मारने की धमकियां देता है।

ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में विरोध करने पर गिरोह द्वारा मारपीट की गई और ट्रैक्टर से कुचलने का प्रयास किया गया, जिसमें राजू जाट और सांवर जाट गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका उपचार जारी है। आरोप है कि घटना की सूचना देने पर मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने बजरी माफियाओं के पास पट्टा होने की बात कहकर ग्रामीणों से अभद्र व्यवहार किया और उन्हें ही धमकाया।

ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ पुलिसकर्मी बजरी माफियाओं से सांठगांठ कर उन्हें संरक्षण दे रहे हैं, जिसके चलते पूरे गांव में भय का माहौल बना हुआ है। शिकायत करने पर गिरोह के लोग ग्रामीणों के घर जाकर महिलाओं और बेटियों को धमकाने तथा आपत्तिजनक टिप्पणियां करने से भी नहीं चूकते।

ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर से मांग की है कि विशेष टीम गठित कर अवैध बजरी माफियाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए, उनके वाहन जब्त किए जाएं और दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध विभागीय व दंडात्मक कार्रवाई की जाए। साथ ही गांववासियों को सुरक्षा प्रदान करने की भी मांग की गई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे मजबूरन आंदोलन और गांव बहिष्कार का कदम उठाएंगे।

Tags:    

Similar News