उदयपुर के नए जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल ने संभाला कार्यभार, पर्यटन और जनकल्याणकारी योजनाएं रहेंगी प्राथमिकता

Update: 2026-04-03 11:40 GMT

उदयपुर । जिले के नवनियुक्त जिला कलक्टर  गौरव अग्रवाल ने शुक्रवार को विधिवत रूप से कार्यभार संभाल लिया है। दोपहर बाद कलक्ट्रेट पहुंचे  अग्रवाल का प्रशासनिक अधिकारियों और स्टाफ ने गर्मजोशी से स्वागत किया। पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए उन्होंने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं और जिले के विकास के लिए अपना विजन साझा किया।

जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन और विकास पर जोर

कलक्टर अग्रवाल ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी मुख्य प्राथमिकता होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में चल रहे विकास कार्यों को नई गति दी जाएगी। पदभार संभालने के तुरंत बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ परिचय बैठक की और वर्तमान प्रशासनिक व्यवस्थाओं व प्रमुख योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

'पर्यटन में राजस्थान का चेहरा है उदयपुर'

पर्यटन के महत्व पर चर्चा करते हुए अग्रवाल ने कहा, "पर्यटन की दृष्टि से उदयपुर पूरे राजस्थान का चेहरा है। यहां की हॉस्पीटेलिटी और ऐतिहासिक सौंदर्य विश्व विख्यात है।" उन्होंने पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छता में सुधार और पर्यटकों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए ठोस कदम उठाने की बात कही। साथ ही, जनसुनवाई तंत्र को और अधिक सुदृढ़ करने का भरोसा दिलाया ताकि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण हो सके।

अधिकारियों ने की अगवानी

इससे पूर्व, सर्किट हाउस पहुंचने पर एडीएम प्रशासन दीपेंद्रिंसह राठौड़, एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा और गिर्वा एसडीएम अवुला सांईकृष्ण ने उनकी अगवानी की। कलक्ट्रेट में स्वागत के दौरान प्रशिक्षु आईएएस सृष्टि डबास, युडीए सचिव हेमेंद्र नागर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Similar News