गंगा मैया की प्रसादी में उमड़ा औदिच्य समाज, पाणुन्द में निकली कलश यात्रा
उदयपुर । औदिच्य ब्राह्मण समाज में आस्था का संगम सोमवार को उदयपुर जिले के पाणुन्द गांव में देखने को मिला। लक्ष्मीनारायण औदिच्य ब्राह्मण समाज मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष लक्ष्मीलाल डूंगावत (औदिच्य) के देशभर के पवित्र धामों की सफल यात्रा पूर्ण कर लौटने पर गंगा मैया (गंगोज) प्रसादी का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर संभाग भर से औदिच्य ब्राह्मण समाज के बड़ी संख्या में समाजजन पाणुन्द पहुंचे और आयोजन में भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत लक्ष्मीनारायण मंदिर में विधि-विधान से हवन व पूर्णाहुति के साथ हुई। हवन के पश्चात लक्ष्मीलाल डूंगावत के निवास से एक विशाल कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में समाज की महिलाओं ने एकरूप वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर श्रद्धा और भक्ति के साथ भाग लिया। बैंड की मधुर धुनों के बीच ज्वारों के साथ यात्रा गांव के मुख्य मार्गों से होती हुई पथवारी स्थल पहुंची, जहां विधिवत पूजन कर ज्वारा विसर्जन किया गया। इसके पश्चात औदिच्य ब्राह्मण समाज के नोहरे में महाप्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें सभी समाजजनों ने प्रसाद ग्रहण कर आयोजन को सफल बनाया। वहीं इधर रविवार रात्रि में एकादशी कथा के साथ विशाल भजन संध्या भी आयोजित हुई और लक्ष्मीनारायण मंदिर चौक पर एकादशी व्रत का उद्यापन किया गया।