एसपी धर्मेंद्र सिंह ने किया हमीरगढ़ थाने का वार्षिक निरीक्षण, अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश
हमीरगढ़ (अल्लाउद्दीन मंसूरी)। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव गुरुवार को हमीरगढ़ थाने पहुंचे, जहां पुलिस बल द्वारा उन्हें 'गार्ड ऑफ ऑनर' देकर सलामी दी गई। एसपी ने थाने का विस्तृत वार्षिक निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाने के रिकॉर्ड, मालखाना, हवालात, शस्त्रागार और साफ-सफाई की गहनता से जांच की। उन्होंने दस्तावेजों के संधारण और उनकी अद्यतन स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया। साथ ही थाना स्टाफ की उपस्थिति, वर्दी की सुव्यवस्था और अनुशासन को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए।
एसपी यादव ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए नियमित गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता की सुरक्षा और विश्वास बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है।
अपराधियों पर होगी कड़ी कार्रवाई:
एसपी ने हिस्ट्रीशीटरों और आदतन अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध संपत्ति पर कब्जा करने वाले भू-माफियाओं और नशे के कारोबारियों के खिलाफ पुलिस का रुख बेहद गंभीर है। सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपराधिक प्रचार-प्रसार करने वालों पर भी पुलिस विशेष निगरानी रख रही है।
निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी सुनील कुमार बेड़ा सहित समस्त पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा। एसपी ने परिसर की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए।
