शक्करगढ़ क्षेत्र में बिलायती बबूल की अवैध कटाई जोरों पर, प्रशासन की चुप्पी पर सवाल
शक्करगढ शक्करगढ ,किशनगढ़ , बाकरा टीटोडा क्षेत्र में बिलायती बबूल की अवैध कटाई खुलेआम जारी है, लेकिन संबंधित विभाग और प्रशासन इस पर आंखें मूंदे बैठे नजर आ रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि लकड़ी माफिया बिना किसी वैध अनुमति के दिन-दहाड़े ओवरलोड ट्रॉलियों में बबूल की लकड़ी भरकर ले जा रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिन पहले प्रशासन द्वारा कार्रवाई किए जाने के बावजूद माफियाओं पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। अवैध कटाई और परिवहन का सिलसिला बदस्तूर जारी है। कई स्थानों पर बिना परमिशन के आरा मशीनें चल रही हैं, जिनसे बड़े पैमाने पर बबूल की लकड़ी काटी जा रही है, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई शून्य बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों को शिकायतें दीं, परंतु न तो अवैध कटाई रुकी और न ही जिम्मेदारों के खिलाफ कोई सख्त कदम उठाया गया। इससे न केवल पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंच रहा है, बल्कि सरकारी नियमों की भी खुलेआम अवहेलना हो रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध कटाई, ओवरलोड परिवहन और बिना अनुमति चल रही आरा मशीनों पर तुरंत रोक लगाई जाए, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो और क्षेत्र में नियमित निगरानी व्यवस्था लागू की जाए, ताकि प्राकृतिक संसाधनों की लूट पर लगाम लग सके।