रायला पुलिस व DST की बड़ी कार्रवाई: फॉर्च्यूनर में अफीम तस्करी करते हरियाणा के तीन युवक गिरफ्तार

Update: 2026-03-27 10:04 GMT

रायला (लकी शर्मा)। भीलवाड़ा जिले में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रायला थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (DST) ने एक संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक लग्जरी फॉर्च्यूनर कार से 590 ग्राम अवैध अफीम बरामद कर हरियाणा निवासी तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर के जरिए गुप्त सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की फॉर्च्यूनर कार में भारी मात्रा में मादक पदार्थ ले जाया जा रहा है। सूचना पर सक्रिय हुई रायला पुलिस और DST टीम ने तत्काल घेराबंदी की। संदिग्ध वाहन के रुकते ही जब तलाशी ली गई, तो उसमें से 590 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:

पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है, जो मूल रूप से हरियाणा के रहने वाले हैं:

नुकुल (25) पुत्र राजेश जाट, निवासी सोनीपत (हरियाणा)

राहुल (23) पुत्र सुनील जाट

विक्की पुत्र राजेश जाट

पुलिस ने अफीम सहित तस्करी में प्रयुक्त फॉर्च्यूनर कार को भी जब्त कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने तस्करी के बड़े नेटवर्क से जुड़े होने के संकेत दिए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। थाना पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में मादक पदार्थों की अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सख्त अभियान निरंतर जारी रहेगा।

Tags:    

Similar News