मांडल से अमरनाथ यात्रा पर रवाना हुआ 10 श्रद्धालुओं का जत्था, रेलवे स्टेशन पर हुआ स्वागत

मांडल (सोनिया सागर)। शनिवार सुबह मांडल तहसील से 10 श्रद्धालुओं का एक विशेष जत्था पवित्र अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना हुआ। मांडल रेलवे स्टेशन पर स्थानीय समाजसेवियों और परिजनों की ओर से यात्रियों का पुष्पमालाओं से अभिनंदन किया गया और पुष्पवर्षा कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर भोलेनाथ के जयकारों से स्टेशन परिसर गुंजायमान हो उठा।
इस जत्थे में मांडल तहसील से 8 अधिवक्ता और 2 अध्यापक शामिल हैं, जो श्रद्धा और आस्था के साथ बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए निकले हैं। स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता गिरिराज ईनाणी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह जत्था शनिवार सुबह मांडल रेलवे स्टेशन से इंटरसिटी ट्रेन के माध्यम से रवाना हुआ, जिसके बाद अजमेर से पूजा एक्सप्रेस द्वारा जम्मू तवी पहुंचकर अमरनाथ यात्रा की विधिवत शुरुआत करेगा।
यात्रा पर रवाना होने वाले श्रद्धालुओं में राजेश तिवाड़ी सत्यनारायण शर्मा राजमल जीनगर रतनलाल जाट सूरज सनाढ्य अखलेश व्यास देईलाल जाट महेश कुमार तिवाड़ी नरेन्द्र बलाई पवन कुमार शर्मा शामिल हैं इस अवसर पर अशोक क्षोत्रिय विशाल क्षोत्रिय गोविन्द तिवाड़ी सहित उपस्थित लोगों ने सभी यात्रियों की सुरक्षित यात्रा और सफल दर्शन की कामना की। गिरिराज ईनाणी ने बताया कि जत्था 3 सितंबर को यात्रा पूर्ण कर मांडल वापस लौटेगा। भक्तों में इस यात्रा को लेकर गहरी आस्था और उत्साह देखने को मिला। सभी श्रद्धालु बाबा अमरनाथ के दर्शन कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि और स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करेंगे।