श्री बाबाधाम में श्रद्धा और उल्लास के साथ नवरात्रा महोत्सव संपन्न, कन्या पूजन बना आकर्षण का केंद्र
भीलवाड़ा। शहर के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री बाबाधाम में नौ दिवसीय नवरात्रा महोत्सव आज पूरी श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। महोत्सव के अंतिम दिन शुक्रवार को बाबाधाम अध्यक्ष विनीत अग्रवाल के सानिध्य में विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। सुबह 9.15 बजे पंडित गोविन्द गौतम एवं अन्य विद्वान पंडितों के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन की पूर्णाहुति दी गई। आहुतियों की गूंज से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
कन्या पूजन और विशेष सजावट
पूर्णाहुति के पश्चात आयोजित कन्या पूजन कार्यक्रम महोत्सव का मुख्य आकर्षण रहा। यहाँ छोटी बालिकाओं को साक्षात देवी स्वरूपा मानकर उनका पूजन किया गया। भक्तों ने कन्याओं को तिलक लगाकर उपहार भेंट किए और श्रद्धापूर्वक उनका आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर मंदिर को रंग-बिरंगे फूलों और आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया। नौ दिनों तक चले इस अनुष्ठान में हजारों श्रद्धालुओं ने आहुतियां देकर अपनी सुख-समृद्धि की कामना की।