भीलवाड़ा में पटवारियों और भू-अभिलेख निरीक्षकों का चेतावनी भरा प्रदर्शन 23 को
भीलवाड़ा। राजस्थान पटवार-कानूनगो संघ भीलवाड़ा द्वारा पटवार विश्रांति गृह में आयोजित जिला स्तरीय बैठक में पटवारियों और भू-अभिलेख निरीक्षकों ने अपनी समस्याओं को लेकर जिला प्रशासन को कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी।
निलंबित कर्मचारियों के बहाल न होने पर आंदोलन की चेतावनी
बैठक में पटवारियों और भू-अभिलेख निरीक्षकों ने निर्दोष कर्मचारियों के निलंबन को लेकर कड़ा विरोध जताया। राजस्थान कानूनगो संघ के जिलाध्यक्ष शिवेन्द्र कुमार पारीक ने बताया कि संगठन ने पहले ही कलेक्टर और तहसीलदारों को ज्ञापन सौंपा था, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
23 दिसंबर से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार
उन्होंने कहा कि निलंबित कर्मचारियों के बहाल न होने पर 23 दिसंबर से जिले के सभी पटवारी और भू-अभिलेख निरीक्षक अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार करेंगे और धरना प्रदर्शन करेंगे। राजस्थान पटवार संघ के जिलाध्यक्ष सत्यनारायण उपाध्याय और राजस्थान कानूनगो संघ के जिलामंत्री नारायण लाल गुर्जर ने चेतावनी दी कि जब तक निलंबित कर्मचारियों को बहाल नहीं किया जाएगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।