संविधान निर्माता डॉ. अंबेडकर जयंती पर रायपुर में 12 अप्रैल को विशाल रक्तदान शिविर
रायपुर । संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में आगामी 12 अप्रैल 2026, रविवार को रायपुर में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह मानवतावादी पहल 'रक्तदान जागरूकता पखवाड़ा' अभियान के अंतर्गत की जा रही है।
आयोजकों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिविर का आयोजन सुबह 8 बजे से हस्तीमल पावन धाम, रायपुर में शुरू होगा। विजन इंडिया वेलफेयर सोसायटी द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन को रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक करना और अस्पतालों में उपचाराधीन जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
सोसायटी के पदाधिकारियों ने युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के नागरिकों से इस पुनीत कार्य में भागीदारी निभाने की अपील की है। आयोजकों ने प्रेरक संदेश देते हुए कहा कि “आपका मात्र 15 मिनट का समय किसी व्यक्ति को नया जीवनदान दे सकता है।”
शिविर के सफल संचालन के लिए स्वास्थ्य विशेषज्ञों की एक अनुभवी टीम मौके पर तैनात रहेगी। रक्तदाताओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए सोसायटी द्वारा सभी आवश्यक प्रबंध पूर्ण कर लिए गए हैं। इस दौरान रक्तदाताओं को प्रोत्साहित भी किया जाएगा।