विद्यार्थियों को सिखाए साइबर सुरक्षा के गुर: इंटरनेट का करें उपयोग, दुरुपयोग नहीं— मजिस्ट्रेट सत्य प्रकाश
रायपुर (भीलवाड़ा) । राजस्थान में लगातार बढ़ते साइबर अपराधों पर लगाम लगाने के उद्देश्य से भीलवाड़ा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में आज रायपुर स्थित महाराणा स्कूल में एक विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को डिजिटल दुनिया के खतरों और उनसे बचाव के तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
शिविर को संबोधित करते हुए अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (रायपुर) सत्य प्रकाश बैरागी ने छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा का पाठ पढ़ाया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वर्तमान युग में तकनीक अनिवार्य है, इसलिए "इंटरनेट का यूज करें, मिसयूज नहीं।" उन्होंने बच्चों को सोशल मीडिया और गेमिंग एप्स के जरिए होने वाली धोखाधड़ी के प्रति आगाह किया।
न्यायिक मजिस्ट्रेट ने डिजिटल ब्लैकमेलिंग के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए विद्यार्थियों को ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि यदि कोई अनजाने में डिजिटल ब्लैकमेलिंग या किसी ऑनलाइन फ्रॉड का शिकार हो जाता है, तो उसे घबराने की कतई आवश्यकता नहीं है। ऐसी स्थिति में छात्र सबसे पहले अपने माता-पिता, विश्वसनीय मित्र या अपने शिक्षक को पूरी बात बताएं और उनकी सहायता लें। समय पर दी गई सूचना बड़े आर्थिक या मानसिक नुकसान से बचा सकती है।