"कोर्ट वाली दीदी" शिकायत पेटी की शुरुआत: विद्यार्थी अब बिना डर के रख सकेंगे अपनी बात

Update: 2026-04-09 10:23 GMT

 भीलवाड़ा BHN. जिला एवं सेशन न्यायाधीश अभय जैन ने आज संगम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया और एक नई पहल "कोर्ट वाली दीदी" शिकायत पेटी लगाकर इसकी शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने कक्षा लेकर बच्चों को डिजिटल दुनिया के खतरों और उनसे बचाव के तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

साइबर बुलिंग और डिजिटल अरेस्ट के प्रति किया जागरूक

न्यायाधीश अभय जैन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए साइबर बुलिंग, डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन फ्रॉड और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग जैसे गंभीर विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, इसलिए सतर्क रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बच्चों को सलाह दी कि वे सोशल मीडिया का उपयोग सोच-समझकर करें, व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से बचें और किसी भी संदिग्ध लिंक या कॉल से दूर रहें। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।

गोपनीय रहेगी शिकायतकर्ता की पहचान

सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण विशाल भार्गव ने बताया कि विद्यार्थियों को सुरक्षित और भरोसेमंद वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से "कोर्ट वाली दीदी" शिकायत पेटी की शुरुआत की गई है। इस पहल के तहत जिले के विभिन्न स्कूलों में विशेष शिकायत पेटियां लगाई जा रही हैं। इसमें छात्र-छात्राएं अपनी समस्याएं, शिकायतें और सवाल लिखकर डाल सकते हैं। इस योजना की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि शिकायत करने वाले विद्यार्थियों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी, जिससे वे बिना किसी डर या संकोच के अपनी बात रख सकेंगे।

मदद के लिए यहां करें संपर्क

विधिक सेवा प्राधिकरण की टीम इन शिकायतों की नियमित समीक्षा करेगी और उनके समाधान के लिए ठोस कदम उठाएगी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं.

भीलवाड़ा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण: 8306002107

चाइल्ड हेल्पलाइन: 1098

साइबर क्राइम: 1930

मुफ्त कानूनी सहायता (टोल फ्री): 15100

Similar News