गौ सम्मान आह्वान अभियान: गंगापुर में जैन समाज महिला मंडल का मिला पुरजोर समर्थन

Update: 2026-04-09 12:14 GMT

गंगापुर (हलचल)। स्थानीय कालू कल्याण कुंज में नवकार महामंत्र दिवस के पावन अवसर पर सकल जैन समाज महिला मंडल ने संतों के सानिध्य में चल रहे 'गौ सम्मान आह्वान अभियान' को अपना पूर्ण समर्थन प्रदान किया। इस दौरान आयोजित विशेष हस्ताक्षर अभियान में समाज के प्रबुद्धजनों और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेकर गौ संरक्षण का संकल्प लिया।

अभियान से जुड़े राजेश रांका ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गौ माता के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना है। हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से बड़ी संख्या में मौजूद समाज के लोगों ने इस पुनीत कार्य में अपनी सहभागिता दर्ज कराई। कार्यक्रम में विशेष रूप से महिला मंडल की सक्रियता और ऊर्जा देखने को मिली।

गौ माता की सुरक्षा के लिए सख्त कानून की मांग

जैन समाज की महिलाओं ने एक स्वर में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और गौ माता की सुरक्षा के लिए कड़े कानून बनाने की पुरजोर मांग की। उपस्थित मातृशक्ति ने कहा कि गौ माता का संरक्षण और संवर्धन केवल किसी एक वर्ग का नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने संकल्प लिया कि वे समाज के हर कोने तक गौ सेवा और संरक्षण का संदेश पहुँचाएंगी।

कार्यक्रम के समापन पर पूरा परिसर "गौ माता की जय" के नारों से गुंजायमान हो उठा। उपस्थित सभी सदस्यों ने सेवा भाव के साथ इस अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।

Tags:    

Similar News