भीलवाड़ा, । जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देशानुसार जिला रसद विभाग, पुलिस विभाग, ऑयल कंपनी के अधिकारियों को जांच दल में शामिल करते हुए वर्तमान में जिला भीलवाड़ा में घरेलू एलपीजी गैस सिलेण्डर पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किए हैं। वर्तमान में जिले में पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता है। उपभोक्ता अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नम्बर से गैस सिलेण्डर की बुकिंग करवाकर सिलेण्डर प्राप्त कर सकते हैं।
रसद विभाग के अनुसार गैस सिलेण्डर की आपूर्ति आधार आधारित ओटीपी के माध्यम से नियमानुसार निर्धारित उपभोक्ता को ही की जा रही है। गैस एजेंसियों के अनुसार 25 दिनों के अंतराल में पुनः सिलेण्डर बुकिंग की व्यवस्था की गई है। संबंधित उपभोक्ताओं को नियमानुसार निर्बाध रूप से गैस सिलेण्डरों की आपूर्ति की जा रही है।
तेल कम्पनियों से प्राप्त सूचनानुसार वर्तमान में पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेण्डरों का स्टॉक उपलब्ध है तथा आवश्यकता अनुसार बॉटलिंग प्लांट से निरंतर स्टॉक प्राप्त किया जा रहा है और बुकिंग के अनुसार आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि गैस सिलेण्डर बुकिंग को लेकर अनावश्यक रूप से परेशान न हों, क्योंकि बुकिंग के लिए समयावधि निर्धारित की गई है। साथ ही घरेलू एलपीजी गैस सिलेण्डरों का अनावश्यक भण्डारण न करें तथा किसी भी प्रकार के भ्रामक संदेश या अफवाहों पर ध्यान न दें। घरेलू गैस सिलेण्डरों की नियमित आपूर्ति जारी है।
वर्तमान में मध्य-पूर्व संकट के मद्देनज़र एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर विशेष सतर्कता एवं नियंत्रण बरतने की आवश्यकता है। जिले में 49 गैस एजेंसियों के माध्यम से करीब 8.5 लाख एलपीजी उपभोक्ताओं को प्रतिदिन लगभग 15,000 घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की जाती है, जो पूर्व की भांति सुचारू रूप से जारी है। आपूर्ति में किसी प्रकार की कमी नहीं होने से घरेलू गैस उपभोक्ताओं को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। वाणिज्यिक सिलेंडरों की आपूर्ति भी समुचित संख्या में स्कूलों, अस्पतालों, जेलों एवं अन्य आवश्यक प्रतिष्ठानों में की जा रही है।
जिला कलेक्टर ने गैस एजेंसियों को निर्देश दिए हैं कि वे विशेष सतर्कता बरतते हुए केवल होम डिलीवरी के माध्यम से ही गैस सिलेंडरों की आपूर्ति करें तथा ओटीपी के माध्यम से ही वास्तविक उपभोक्ताओं को सिलेंडर की डिलीवरी सुनिश्चित करें। किसी भी चौराहे या नुक्कड़ पर वाहन खड़ा कर सिलेंडर वितरण नहीं किया जाए। साथ ही घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी रोकने के लिए रसद विभाग, पुलिस विभाग एवं गैस कंपनियों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है तथा जांच दल द्वारा कालाबाजारी करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
