भीलवाड़ा -गोस्वामी तुलसीदास की जयंती के अवसर पर, स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल, कोदिया (कोटड़ी) की शिक्षिका और नवोदित लेखिका ऋतु चतुर्वेदी की दूसरी पुस्तक ’मानस-गीतामिय’ का भव्य विमोचन किया गया।
यह कार्यक्रम ’मानस परिकर’ समूह द्वारा पंचमुखी दरबार के संत परमेश्वर दास, संकट मोचन हनुमत धाम ट्रांसपोर्ट नगर के संत रामदास ’रामायणी’ के सान्निध्य और पंडित महावीर भट्ट के आतिथ्य में संपन्न हुआ।
’मानस परिकर’ के सदस्य पंडित दीनदयाल जोशी ’मानस’ ने बताया कि इस पुस्तक में रामचरितमानस में वर्णित राम गीता और लक्ष्मण गीता का प्रभावशाली हिंदी भाषा और चौपाई छंद में भावानुवाद किया गया है। विमोचन समारोह में संत रामदास ’रामायणी’ ने राम गीता और लक्ष्मण गीता के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर, ओजस्वी राष्ट्रीय कवि योगेंद्र शर्मा और गीतकार राजेंद्र गोपाल व्यास ने अपनी काव्य प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का स्वागत कवि मुरलीधर व्यास ने किया, जबकि संचालन वरिष्ठ कवि और साहित्यकार डॉ. कमला कांत शर्मा ’कमल’ ने प्रभावी ढंग से किया।
कार्यक्रम में शब्दांश प्रकाशन के सहयोग की सराहना की गई। इसी दिन पी.एच.डी. की उपाधि प्राप्त करने वाले डॉ. विष्णु सांगावत ’राही कबीर’ को भी सम्मानित किया गया।
समारोह में जाने-माने साहित्यकार बंसी ’पारस’, डॉ. भेरूलाल गर्ग, श्याम सुंदर ’मधुप’, प्रहलाद पारीक, रेखा लोढ़ा ’स्मित’, गरिमा त्रिपाठी, रविकांत सनाढ्य सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
