नेहरू रोड पर रोडवेज बसों की मनमानी: आदेशों की धज्जियां उड़ा रहे चालक, राहगीर परेशान
भीलवाड़ा। शहर के नेहरू रोड पर रोडवेज बसों का संचालन एक बार फिर आमजन के लिए मुसीबत का सबब बन गया है। विगत दिनों मालियों के नोहरे के पास रोडवेज बस की टक्कर से एक गाय की मौत के बाद उपजे जनाक्रोश को देखते हुए रोडवेज प्रशासन ने इस मार्ग पर बसों का संचालन बंद करने का आश्वासन दिया था। कुछ दिन तो इस व्यवस्था पर अमल हुआ, लेकिन अब रोडवेज चालक अपने ही वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना कर धड़ल्ले से नेहरू रोड से बसें निकाल रहे हैं।
जाम और हादसों का केंद्र बनी संकरी गलियां
नेहरू रोड, विशेषकर गुल अली बाबा की दरगाह के बाहर की स्थिति अत्यंत चिंताजनक है। यहाँ मार्ग इतना संकरा है कि दुपहिया और चौपहिया वाहनों का निकलना भी दूभर होता है। ऐसे में विशालकाय रोडवेज बसें इस मार्ग पर घंटों जाम की स्थिति पैदा कर रही हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि प्रशासन के स्पष्ट निर्देश के बावजूद चालक मनमानी पर उतारू हैं, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रहती है।
पुलिस सहायता और वैकल्पिक मार्ग की दरकार
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि रोडवेज प्रशासन कोटा, बूंदी, बारां, झालावाड़, राजसमंद, फालना, अजमेर और वैशाली नगर डिपो के मुख्य प्रबंधकों को स्पष्ट आदेश की प्रति भेजें। इन डिपो की बसों को सांगानेरी गेट से मोती बावजी और देवरिया बालाजी होते हुए प्राइवेट बस स्टैंड के रास्ते रोडवेज बस स्टैंड पहुंचाया जाना चाहिए। साथ ही, सांगानेरी गेट पुलिस चौकी की सहायता लेकर नेहरू रोड से बसों के प्रवेश पर सख्ती से रोक लगाई जाए ताकि आम जनता को इस प्रतिदिन के जाम और खतरे से मुक्ति मिल सके।