अवैध बजरी खनन पर कार्रवाई, शंभूगढ़ पुलिस ने डम्पर और लोडर जब्त क‍िया

Update: 2026-01-26 07:29 GMT

भीलवाड़ा। भीलवाड़ा जिले में अवैध बजरी खनन और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शंभूगढ़ थाना पुलिस ने एक डम्पर और एक लोडर जब्त किया है। यह कार्रवाई खारी नदी क्षेत्र में की गई।

थाना प्रभारी ओमप्रकाश कासनिया ने बताया कि पुलिस टीम अवैध बजरी खनन और परिवहन पर लगातार निगरानी रखे हुए थी। इसी दौरान खारी नदी क्षेत्र में अवैध गतिविधियों की सूचना मिलने पर रविवार देर रात पुलिस टीम ने कार्रवाई की।

पुलिस ने खारी नदी की सरहद पर स्थित ग्राम दोला का खेड़ा में अवैध बजरी खनन और परिवहन करते हुए एक डम्पर तथा एक बिना नंबर का लोडर मौके से जब्त किया। पुलिस द्वारा अवैध खनन में शामिल व्यक्तियों की पहचान की जा रही है और पूरे मामले का खुलासा करने के प्रयास जारी हैं।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध बजरी खनन और परिवहन के खिलाफ आगे भी निरंतर और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई में शंभूगढ़ थानाधिकारी ओमप्रकाश कासनिया, सहायक उप निरीक्षक राजेंद्र सिंह, कॉन्स्टेबल दिलीप सिंह, धर्मेंद्र तथा चालक ओमप्रकाश कैट शामिल रहे।

Tags:    

Similar News