पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने किया रायला थाने का औचक निरीक्षण
रायला । भीलवाड़ा जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने शुक्रवार को रायला थाने का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं और विभागीय कार्यप्रणाली का जायजा लिया। एसपी के आगमन पर पुलिस जवानों द्वारा उन्हें 'गार्ड ऑफ ऑनर' दिया गया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना रिकॉर्ड, लंबे समय से लंबित प्रकरणों और वर्तमान पुलिस व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने मालखाना, हवालात, मेस और थाना परिसर में साफ-सफाई की स्थिति को भी देखा। एसपी ने थानाधिकारी मूलचन्द वर्मा और मौजूद स्टाफ को स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन की शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए ताकि जनता का पुलिस पर विश्वास बना रहे।
एसपी ने कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए नियमित गश्त बढ़ाने और क्षेत्र की संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करते हुए लंबित मामलों को जल्द से जल्द निपटाने पर जोर दिया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शाहपुरा) राजेश आर्य, वृत्ताधिकारी (गुलाबपुरा) जितेंद्र सिंह सहित थाना स्टाफ उपस्थित रहा।