भक्तिमयी स्वर लहरियों से गूंजा परिषद, माता के भजनों पर झूमीं महिलाएं
भीलवाड़ा। शहर की भक्ति सरिता में उस समय नया प्रवाह नजर आया, जब भारत विकास परिषद की महाराणा प्रताप शाखा के तत्वावधान में संस्कार प्रकल्प के तहत माता के भजनों का भव्य आयोजन किया गया। भक्ति और शक्ति के संगम वाले इस कार्यक्रम में मातृशक्ति ने भजनों की ऐसी अविरल धारा बहाई कि उपस्थित हर सदस्य मंत्रमुग्ध हो गया। कार्यक्रम की शुरुआत माता की वंदना से हुई, जिसके बाद परिषद परिवार की महिलाओं ने एक से बढ़कर एक सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियां दीं।श्रद्धा और उत्साह का आलम यह था कि भजनों की थाप पर महिलाएं खुद को झूमने से नहीं रोक पाईं। इस दौरान उमा मिश्रा, निर्मला नवाल, मोहिनी अग्रवाल, नीलम शुक्ला, रेखा राठौड़ और अनीता फेगड़े सहित करीब 50 महिलाओं ने अपनी गरिमामय उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। आयोजन के अंत में परिषद की ओर से सभी महिलाओं को फलाहार एवं प्रसाद वितरित किया गया।