एलपीजी, पेट्रोल, डीजल का पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित करें
भीलवाड़ा, । खाद्य मंत्री की अध्यक्षता में बुधवार को आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेसिंग में प्रदेश के सभी जिला रसद अधिकारी, प्रवर्तन अधिकारी, प्रवर्तन निरीक्षक शामिल हुए।
इस दौरान वीसी में निम्न निर्देश जारी किये गयेः-
1. जिला प्रशासन एवं खाद्य विभाग के अधिकारियों द्वारा जिले मे संचालित समस्त गैस एजेन्सियो का निरीक्षण अनिवार्य रूप से पूर्ण कर उसकी रिपोर्ट मुख्यालय को भिजवायी जाये।
2. जिले की कोई भी गैस एजेन्सी द्वारा उनके रजिस्टर्ड उपभोक्ताओं को बिना ओटीपी के सिलेण्डर की डिलीवरी नहीं की जायेगी।
3. जिले में किसी भी गैस एजेन्सी द्वारा गैस सिलेण्डर डिलीवरी के दौरान उपभोक्ता को जारी गैस कनेक्शन डायरी में डिलीवरी मैन के हस्ताक्षर, नाम एवं मोबाईल न0 अंकित किया जाये। रजिस्टर्ड उपभोक्ता के मोबाईल न0 किन्ही कारणों से बदले जाते है तो केवल आधार ई-केवाईसी के माध्यम से ही बदला जाये।
4. सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन के तहत पीएनजी का विस्तार घरेलू एवं वाणिज्यिक कनेक्शन तक सर्वाधिक किया जाये ताकि एलपीजी पर भार कम हो सके। पीएनजी के विस्तार से केन्द्र सरकार द्वारा एलपीजी की अतिरिक्त आपूर्ति की जायेगी जिससे एलपीजी की वितरण व्यवस्था में सुधार होगा। पीएनजी आपूर्तिकर्ता फर्म के पास अधिकाधिक पीएनजी गैस कनेक्शन के फॉर्म भरवाए जाए जिसकी सूचना ऑयल कम्पनी को दिया जाये।
5. जिले में समस्त पेट्रोल पम्पो पर डीजल एवं पेट्रोल की पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित की जाये।
6. जिला स्तर पर कॉमिर्शियल गैस सिलेण्डर की आपूर्ति हेतु गठित कमेटी द्वारा शैक्षणिक संस्थाओं, अस्पतालों, अन्नपूर्णा रसोई, मिड-डे मील रसोई, होटल, ढाबा, औद्योगिक संस्थानों में संचालित भोजनालयो को कॉमिर्शियल गैस सिलेण्डर एवं छूट श्रेणी के घरेलू गैस सिलेण्डर्स की आपूर्ति की जायें।
7. प्रवासी श्रमिकों के लिए 5 किग्रा के छोटे गैस सिलेण्डर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाये।
8. इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट, सोशल मीडिया के माध्यम से जिले के समस्त उपभोक्ताओ को झूठी अफवाहो से दूर रहने की सलाह दी जाये ताकि जिले में कोई भी नकारात्मक स्थिति उत्पन्न नहीं हो।
9. हेल्पलाईन नं0 181, 112, 14435 पर दर्ज शिकायतो का 24 घण्टे के भीतर त्वरित एवं गुणवतापूर्ण निस्तारण के निर्देश प्रदान किये गये।
10. दिनांक 24.03.2026 को बुंकंग के संदर्भ में जो निर्देश जारी किये गये थे उन्हे निरस्त कर पूर्व की भांति शहरी क्षेत्रो में 25 दिन एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिनों में उपभोक्ताओ द्वारा बुकिंग की जा सकेगी।
वास्तव में भीलवाड़ा जिले में घरेलू एलपीजी, पेट्रोल एवं डीजल का पर्याप्त स्टॉक है। जिले में 1 मार्च से पूर्व प्रतिदिन 15 हजार घरेलू गैस सिलेण्डर की खपत थी जो घटकर करीबन 11 हजार के आस पास रह गयी है। खपत में कमी मुख्य रूप से शत प्रतिशत ओटीपी के माध्यम से घरेलू गैस सिलेण्डर का वितरण एवं उपभोक्ताओ की ई-केवाईसी के कारण हुई है। दिनांक 24.03.2026 को जिले में 27 हजार से अधिक घरेलू गैस सिलेण्डर का स्टॉक था जिसमें से करीबन 11 हजार घरेलू गैस सिलेण्डर की आपूर्ति किये जाने से 17 हजार घरेलू गैस सिलेण्डर का स्टॉक शेष रहा। इसी प्रकार वाणिज्यिक गैस सिलेण्डर का आवंटन बढ़ने से स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, डेयरी, औद्योगिक भोजनालयो, सामुदायिक रसोई को राहत मिली है। खाद्य विभाग द्वारा जिले में उपलब्ध एलपीजी, पेट्रोल, डीजल के स्टॉक पर पूर्ण निगरानी रखी जा रही हैं। किसी भी स्थिति में व्यवस्था में अवरोध तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाशत नही की जायेगी। जमाखोरी, कालाबाजारी में लिप्त पाये जाने वाले लोगो, संस्थाओ,फर्मो के विरूद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत सख्त कार्रवाई की जायेगी। उल्लेखनीय है कि जिले मे अब तक 26 प्रकरण बनाकर 127 घरेलू एवं व्यावसायिक सिलेण्डरो, रिफिलिंग मशीनो, मोटर कार को जब्त किया जाकर जिला कलक्टर न्यायालय में 6ए के तहत प्रकरण पेश किये गये।
*जिले कलक्टर के निर्देश पर उपखंड अधिकारियों ने किया निरीक्षण*
जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देशन में बुधवार को जिले के उपखंड अधिकारियों तथा तहसीलदार को अपने क्षेत्र में गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गैस सिलेंडरों के भंडारण, वितरण व्यवस्था एवं सुरक्षा मानकों का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने एजेंसी संचालक को निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो।
