पेंच के बालाजी मंदिर के सामने 10 दिनों से खुदी पड़ी नाली, श्रद्धालुओं के लिए बनी मुसीबत
भीलवाड़ा। शहर के प्रमुख धार्मिक स्थल बालाजी मार्केट स्थित पेंच के बालाजी मंदिर के सामने पिछले 10 दिनों से खुदी पड़ी नाली श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों के लिए जी का जंजाल बन गई है। मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार के ठीक सामने करीब दो फीट गहरा गड्ढा हो जाने से दर्शनार्थियों को मंदिर के भीतर प्रवेश करने में भारी मशक्कत करनी पड़ रही है।
अधूरा निर्माण और दुर्घटना का भय
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नाली निर्माण का कार्य बीच में ही अधूरा छोड़ दिया गया है। नाली के पुराने आधार को तोड़कर काम बंद कर देने से रास्ता पूरी तरह बाधित हो चुका है। इससे न केवल पैदल चलने वालों को परेशानी हो रही है, बल्कि दोपहिया वाहन चालकों के गिरने और चोटिल होने की आशंका भी लगातार बनी हुई है।
आगामी त्योहारों पर उमड़ेगी भीड़, प्रशासन मौन
गौर करने वाली बात यह है कि आगामी 2 अप्रैल को हनुमान जयंती का बड़ा उत्सव है और उससे पूर्व रामनवमी का पर्व भी है। इन विशेष अवसरों पर पेंच के बालाजी मंदिर में हजारों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए उमड़ते हैं। यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो उत्सव के दौरान स्थिति और भी विकराल हो सकती है।
जनप्रतिनिधियों को शिकायत के बाद भी कार्रवाई शून्य
क्षेत्रवासियों ने बताया कि इस अव्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक धरातल पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। प्रशासन की इस अनदेखी से आमजन में गहरा रोष व्याप्त है। नागरिकों ने मांग की है कि धार्मिक आयोजनों और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तुरंत नाली निर्माण कार्य पूर्ण करवाया जाए।