श्री बाबा धाम में रविवार को महकेगी फूलों की खुशबू, भजनों की स्वर लहरियों के साथ मनेगा भव्य फागोत्सव
भीलवाड़ा । शहर के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री बाबा धाम में रविवार फाल्गुन मास के उल्लास के साथ भव्य फागोत्सव का आयोजन किया जाएगा। संस्थान के अध्यक्ष विनीत अग्रवाल के सानिध्य में आयोजित होने वाले इस महोत्सव को लेकर तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। सेवादारों की विभिन्न कमेटियों ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया है।
फूलों की होली, गुलाल पर पूर्ण प्रतिबंध
रविवार, 1 मार्च 2026 को आयोजित होने वाले इस उत्सव की मुख्य विशेषता 'फूलों की होली' होगी। मंदिर प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि परिसर में गुलाल और रंगों का प्रयोग पूर्णतः वर्जित रहेगा। भक्तजन अपने साथ फूलों की पत्तियां ला सकते हैं, जिनसे भगवान के साथ होली खेली जाएगी।
भजन गायकों की प्रस्तुति और सजीव झांकियां
महोत्सव में बाहर से आए प्रसिद्ध भजन गायक अपनी टीम के साथ सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियां देंगे। ढोलक और मंजीरों की थाप पर भक्त भक्तिमय माहौल में सरोबार रहेंगे। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण राधा-कृष्ण की संजीवनी झांकी होगी, जो ब्रज की होली का जीवंत अहसास कराएगी।
भक्ति और आत्मीयता का संगम
अध्यक्ष विनीत अग्रवाल ने बताया कि यह उत्सव केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी विश्वास और आत्मीयता बढ़ाने का अवसर है। उन्होंने सभी धर्मप्रेमियों को सपरिवार फागोत्सव और होलिका दहन के इस पावन पर्व में सम्मिलित होकर धर्म लाभ लेने का आह्वान किया है।