अंडर-20 जिला स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता 28 से: 30 खिलाड़ियों का होगा चयन
भीलवाड़ा। जिला फुटबॉल संघ के तत्वाधान में आगामी 28 अप्रैल से 30 अप्रैल तक अंडर-20 बालक जिला स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। यह स्पर्धा प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से भीमगंज स्कूल मैदान (मोदी ग्राउंड) पर खेली जाएगी।
जिला फुटबॉल संघ के सचिव कैलाश चंद्र खटीक ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रतियोगिता में भीलवाड़ा जिले के 20 वर्ष तक की आयु के बालक भाग ले सकते हैं। चयन प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए सेवानिवृत्त शारीरिक शिक्षक ओम प्रकाश काबरा और संगम स्कूल के फुटबॉल कोच शंकर जीनगर को मुख्य चयनकर्ता नियुक्त किया गया है।
संघ के प्रवक्ता दीपक खींची ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 30 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। इन चयनित खिलाड़ियों को 1 अप्रैल से 5 अप्रैल तक अनुभवी 'डी लायसेंस' कोच द्वारा विशेष प्रशिक्षण कैंप में निखारा जाएगा। इसके पश्चात, श्रेष्ठ खिलाड़ी 6 अप्रैल से 9 अप्रैल तक चितौड़गढ़ में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय अंडर-20 बालक फुटबॉल प्रतियोगिता में भीलवाड़ा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
व्यवस्थाओं के लिए नियुक्त किए प्रभारी
प्रतियोगिता के सफल आयोजन हेतु भेरू लाल सिंगर को मुख्य कोऑर्डिनेटर बनाया गया है। मैदान की व्यवस्थाओं के लिए महेश शर्मा और मिथलेश मारू को ग्राउंड प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि खेल सामग्री एवं इक्विपमेंट की जिम्मेदारी चेतन शर्मा और प्रहलाद सिंह संभालेंगे।
प्रतियोगिता की घोषणा के दौरान दुर्गेश जोशी, कैलाश कोठारी, अनिल व्यास, लोकेश बुनकर, अनूप तिवारी, लोकेंद्र सिंह, जगदीश बुनकर, कुणाल कुमार, अमर सिंह, सिद्धार्थ पोरवाल और शेखर बैरवा सहित संघ के कई सदस्य मौजूद थे।
