युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

Update: 2026-01-16 06:53 GMT

भीलवाड़ा (पुनीत जैन)। सुभाषनगर थाना क्षेत्र की आर.के. कॉलोनी में रहने वाले एक युवक की अज्ञात वस्तु का सेवन करने से हालत बिगड़ने पर अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल व्याप्त हो गया।

जानकारी के अनुसार आर.के. कॉलोनी निवासी आशीष, पिता गोपाल कचौलिया, ने घर पर किसी अज्ञात वस्तु का सेवन कर लिया, जिससे उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए तुरंत उसे भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया।

अस्पताल में इलाज के दौरान युवक की हालत में सुधार नहीं हो सका और कुछ समय बाद उसकी मृत्यु हो गई। युवक की मौत की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजन एकत्र हो गए और परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।

घटना की जानकारी मिलने पर सुभाषनगर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। प्रारंभिक तौर पर मामला अज्ञात वस्तु के सेवन से जुड़ा माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Tags:    

Similar News