तीसरे चरण में 93 सीटों के लिए मतदान जारी, पीएम मोदी ने अहमदाबाद में डाला वोट

Update: 2024-05-07 02:43 GMT
तीसरे चरण  में 93 सीटों के लिए मतदान जारी, पीएम मोदी ने अहमदाबाद में डाला वोट
  • whatsapp icon

 नई दिल्ली। मंगलवार को लोकसभा चुनाव 2024 के तीसरे चरण में 11 राज्यों की 93 सीटों पर  मतदान  हो रहा है।इस चरण में कुल 1331 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के अहमदाबाद में निशान हायर सेकेंडरी स्कूल में मतदान किया। इससे पहले केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने उनका स्वागत किया। पीएम मोदी ने वहां मौजूद लोगों का अभिवादन किया।



 अपने मताधिकार का प्रयोग करने के बाद मतदान केंद्र से बाहर आकर पीएम मोदी ने बच्चों के साथ मस्ती भी की। उन्होंने बच्चे को अपनी गोद में लेकर दुलारा। मतदान केंद्र से बाहर आकर पीएम मोदी ने मीडिया से भी बात की।




 पीएम मोदी ने बताया कि यह दुनिया के लिए सीखने का मौका है। दुनिया के विश्वविद्यालयों को इस पर केस स्टडी करनी चाहिए। उन्होंने आगे कहा, "यह लोकतंत्र का उत्सव न सिर्फ भारत में है, बल्कि इस साल पूरी दुनिया में है। इसके लिए चुनाव आयोग बहुत-बहुत अभिनंदन का अधिकारी है। मीडिया भी पूरी तरह चुनाव के रंग में रंग जाती है। यही मंथन देश के लोकतंत्र को मजबूती देता है। इस लोकतंत्र के पर्व में जो भी जितना योगदान दे रहा है, सभी अभिनंदन के अधिकारी हैं। इसे लोकतंत्र के उत्सव के रूप में मनाएं।"




मोदी ने बच्चों को दिया हथेली पर ऑटोग्राफ

बता दें कि मीडिया से बात करने के बाद पीएम मोदी ने वहां मौजूद लोगों से भी मुलाकात की। इस दौरान एक महिला ने उन्हें राखी भी बांधी। पीएम मोदी ने वहां मौजूद बच्चों के हथेली पर अपना ऑटोग्राफ भी दिया। 


मतदान का समय सुबह 7:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक है।हालांकि, कुछ लोकसभा सीटों पर मतदान शाम 4 बजे खत्म हो जाएगा। लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में उत्तर प्रदेश की 10, गुजरात की 25, कर्नाटक की 14, महाराष्ट्र की 11, मध्‍यप्रदेश की नौ, असम की चार, बिहार की पांच, छत्तीसगढ़ की सात, पश्चिम बंगाल की चार, दमन दीव और दादरा एवं नगर हवेली की दो सीटों पर मतदान है।तीसरे चरण का रण खासा दिलचस्प है, क्योंकि इसमें 10 केंद्रीय मंत्रियों और चार पूर्व मुख्यमंत्री समेत कई दिग्‍गजों की साख दांव पर लगी है।

Similar News