झुंझुनूं: पीएनबी में बड़ी गोल्ड डकैती का खुलासा, बैंक के ही तीन अधिकारियों पर 6.50 करोड़ का सोना गायब करने का आरोप

Update: 2026-02-02 17:57 GMT

 

नवलगढ़ झुंझुनूं जिले के नवलगढ़ स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की शाखा से 4.198 किलोग्राम सोने के आभूषण गायब होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बैंक के ही तत्कालीन मैनेजर सहित तीन कर्मचारियों पर धोखाधड़ी का आरोप लगा है। गायब हुए सोने की अनुमानित कीमत करीब 6.50 करोड़ रुपये बताई जा रही है। वर्तमान बैंक मैनेजर मुकेश सिहाग ने इस संबंध में तत्कालीन मैनेजर अमित कुमार, डिप्टी मैनेजर अनंतप्रकाश और बैंकिंग कॉरेस्पोंडेंट संतोष सैनी के खिलाफ केस दर्ज कराया है।

मामले का खुलासा तब हुआ जब 28 जनवरी को गोल्ड सेफ का चार्ज नई डिप्टी मैनेजर सीमा महला को सौंपा जा रहा था। चार्ज ट्रांसफर के दौरान जब स्ट्रॉन्ग रूम में रखे गोल्ड पैकेटों की जांच की गई तो उनमें छेड़छाड़ मिली। बैंक प्रबंधन की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि 73 गोल्ड पैकेटों में से असली आभूषण निकालकर उनकी जगह नकली आभूषण रख दिए गए थे। इसके अलावा तीन पैकेटों में सोने का वजन भी कम पाया गया।

पुलिस के अनुसार बैंक के स्ट्रॉन्ग रूम की चाबियां तत्कालीन मैनेजर अमित कुमार और डिप्टी मैनेजर अनंतप्रकाश के पास रहती थीं। पुलिस ने धोखाधड़ी की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बैंक प्रशासन यह भी पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि यह हेराफेरी कितने समय से चल रही थी और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।


Similar News

प्रतापगढ़: पुलिस का 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' सफल,: किराना दुकान की आड़ में चल रही ड्रग्स फैक्ट्री पकड़ी, 5 करोड़ की एमडी बरामद