बुर्ज खलीफा तक 'महादेव' का सट्टा: ईडी ने कुर्क की 1700 करोड़ की संपत्तियां, दुबई के आलीशान विला जब्त

Update: 2026-03-25 18:56 GMT

। महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी एप के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अब तक की सबसे बड़ी और 'इंटरनेशनल' स्ट्राइक की है। सट्टे के काले साम्राज्य को नेस्तनाबूद करते हुए ईडी ने बुधवार को मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्रकर और रवि उप्पल की 1,700 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्तियां कुर्क कर ली हैं। इस कार्रवाई की गूंज भारत से लेकर दुबई की गगनचुंबी इमारतों तक सुनाई दे रही है।

दुनिया की सबसे ऊंची इमारत में था सट्टे का पैसा

जांच एजेंसी ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जो संपत्तियां जब्त की हैं, उनमें दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा स्थित आलीशान फ्लैट्स भी शामिल हैं। इसके अलावा दुबई की 18 और नई दिल्ली की 2 प्राइम लोकेशन वाली प्रॉपर्टीज पर ईडी ने अपना शिकंजा कसा है। जब्त की गई संपत्तियों में दुबई हिल्स एस्टेट, फेयरवे रेजिडेंसी, सिडरा जैसी अति-लक्जरी सोसायटियों के विला और एसएलएस होटल के महंगे अपार्टमेंट शामिल हैं।

भिलाई के लड़कों ने खड़ा किया था विदेशों में साम्राज्य

मूल रूप से छत्तीसगढ़ के भिलाई निवासी सौरभ चंद्रकर और रवि उप्पल ने सट्टेबाजी की अवैध कमाई को सफेद करने के लिए विदेशी रियल एस्टेट में भारी निवेश किया था। रायपुर स्थित ईडी कार्यालय ने धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत यह जब्ती की है। जांच में सामने आया है कि इन आलीशान संपत्तियों को किसी वैध निवेश से नहीं, बल्कि आम जनता को ठगकर कमाए गए हवाला के पैसों से खरीदा गया था।

राजनेताओं के संरक्षण और प्रत्यर्पण की तैयारी

ईडी ने अपनी जांच में सनसनीखेज दावा किया है कि इस अवैध साम्राज्य को चलाने के लिए पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में कई बड़े राजनेताओं और रसूखदार अधिकारियों का संरक्षण प्राप्त था। फिलहाल, मुख्य आरोपी सौरभ चंद्रकर के यूएई में होने और रवि उप्पल के वानुअतु भाग जाने की खबरें हैं। भारत सरकार इन दोनों के प्रत्यर्पण (Extradition) के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जाल बिछा रही है ताकि सट्टेबाजी के इन सुल्तानों को भारतीय कानून के कठघरे में लाया जा सके।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.

 

Similar News