भाजपा की तीसरी सूची जारी, 19 उम्मीदवारों का ऐलान; आरजी कर पीड़िता की मां को पानीहाटी से टिकट
नई दिल्ली | भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के लिए उम्मीदवारों की तीसरी सूची बुधवार शाम को जारी कर दी। तीसरी सूची में भाजपा ने 19 उम्मीदवारों के नामों का एलान किया है। पार्टी ने पूर्व एनएसजी कमांडो और आरजी कर रेप पीड़िता की मां को भी चुनावी मौदान में उतारा है। इससे पहले भाजपा ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए पहली सूची में 144 और दूसरी सूची में 111 उम्मीदवारों के नामों का एलान किया था। इसमें निसिथ प्रमाणिक, प्रियंका टिबरेवाल और रूपा गांगुली जैसे प्रमुख नाम शामिल थे। पार्टी अभी तक 274 उम्मीदवारों के नामों का एलान कर चुकी है।
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। राजनीतिक दलों ने चुनाव में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। भाजपा ने इस सूची में कूचबिहार दक्षिण (सीट 4) से रथींद्र नाथ बोस, राजगंज (सीट 18) से दिनेश सरकार (हराधन सरकार), इस्लामपुर (सीट 29) से चित्रजीत रॉय, हेमताबाद (सीट 33) से हरिपदा बर्मन, इंग्लिश बाजार (सीट 51) से अमलन भादुड़ी, शांतिपुर (सीट 86) से स्वपन दास, पानीहाटी (सीट 111) से रत्ना देबनाथ (आरजी कर रेप पीड़िता की मां), हावड़ा मध्य (सीट 171) से बिप्लब मंडल, उत्तरपाड़ा (सीट 185) से दीपांजन चक्रवर्ती, सिंगुर (सीट 188) से डॉ. अरूप कुमार दास और चंदननगर (सीट 189) से दीपांजन कुमार गुहा को प्रत्याशी बनाया है।
इसके अलावा, पार्टी ने चूंचुड़ा (सीट 190) से सुबीर नाग, हरिपाल (सीट 196) से मधुमिता घोष, तमलुक (सीट 203) से डॉ. हरे कृष्णा बेरा, मेदिनीपुर (सीट 236) से डॉ. शंकर गुच्छैत, पूर्वस्थली दक्षिण (सीट 268) से प्राणकृष्ण तपदार, कटवा (सीट 270) से कृष्णा घोष, सैंथिया (सीट 289) से कृष्णा कांत साहा और नलहाटी (सीट 293) से अनिल सिंह को चुनावी मैदान में उतारा है।
इसके अलावा सिंगूर, चंदननगर, तामलुक, मेदिनीपुर, कटवा और नलहटी जैसी सीटों पर भी उम्मीदवार घोषित किए गए हैं। 294 सदस्यीय राज्य विधानसभा के लिए मतदान 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में होगा। मतगणना 4 मई को की जाएगी।
बंगाल से टीएमसी का विसर्जन करने के लिए भाजपा तैयार है : समिक भट्टाचार्य
पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव को लेकर टीएमसी और भाजपा नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। पश्चिम बंगाल के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने दावा किया कि भाजपा बंगाल से टीएमसी का विसर्जन करने के लिए तैयार है।
मीडिया से बातचीत के दौरान पश्चिम बंगाल के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा कि भाजपा 365 दिन काम करने वाली पार्टी है। हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष और बूथ अध्यक्ष दोनों ही सक्रिय हैं, पार्टी किसी भी तरह से तृणमूल कांग्रेस को सत्ता से बेदखल करने के लिए दृढ़ संकल्पित है।
एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी और हुमायूं कबीर के बीच हाथ मिलाने पर पश्चिम बंगाल के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने सीएम ममता बनर्जी पर तंज कसते हुए कहा, "टीएमसी का यही असली चेहरा है। तृणमूल कांग्रेस की विभाजनकारी राजनीति की वजह यह है कि पश्चिम बंगाल आने के बाद असदुद्दीन ओवैसी बाबरी मस्जिद का नाम लेने की हिम्मत कर रहे हैं। अगर पश्चिम बंगाल के लोग अभी भी चुप रहते हैं और इस स्थिति का स्वागत करते हैं, तो आने वाले दिनों में कालीघाट के सामने चंगेज खान का स्तंभ बन जाएगा।"
