तूफान 'दाना': ओडिशा में स्कूल-कॉलेज बंद; 178 ट्रेने कैंसिल

Update: 2024-10-23 02:05 GMT

◊ स्कूल-कॉलेज बंद, राष्ट्रपति का दौरा टला

◊ पुरी की यात्रा न करने की सलाह

भुवनेश्वर। बंगाल की खाड़ी में बन रहा कम दबाव का क्षेत्र मंगलवार को गहरे दबाव क्षेत्र और बुधवार को चक्रवात 'दाना' में बदल जाएगा। चक्रवात के रूप में तब्दील होकर 24 अक्टूबर की सुबह यह बंगाल की उत्तरी खाड़ी में पहुंचेगा। इसके बाद उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा और 24 की रात अथवा 25 अक्टूबर की सुबह ओडिशा के पुरी और बंगाल के सागर दीपपुंज के बीच तट को पार करेगा। इस दौरान हवा की गति लगभग 120 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है।

चक्रवात की आशंका को देखते हुए ओडिशा में स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां 26 अक्टूबर तक रद कर दी गई हैं। चक्रवात के कारण ओडिशा के तटीय क्षेत्रों में 23 से 25 अक्टूबर के बीच भारी वर्षा की आशंका को देखते हुए मंगलवार से प्रस्तावित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का तीन दिवसीय ओडिशा दौरा भी टाल दिया गया है।राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी के अनुसार 'दाना' को केंद्र में रखकर पूरे राज्य में अलर्ट जारी करने के साथ-साथ एहतियात के तौर पर 10 तटीय जिलों में ओडीआरएएफ की 17 टीमें तैनात की गई हैं। पर्यटकों से शहर खाली करने व 24-25 अक्टूबर को पुरी की यात्रा न करने तथा मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।

Similar News