दिखा तकनीक का जलवा: देश की पहली AI इलेक्ट्रिक स्पोर्ट्स बाइक लॉन्च, हादसे पर खुद भेजेगी अलर्ट

Update: 2026-02-19 15:27 GMT

 नई दिल्ली । नई दिल्ली के 'भारत मंडपम' में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में इस बार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के केवल नीतिगत पहलुओं पर ही चर्चा नहीं हुई, बल्कि इसके व्यावहारिक इस्तेमाल की भी शानदार झलक देखने को मिली। इसी मंच पर बेंगलुरु की ईवी स्टार्टअप अल्ट्रावायलेट ऑटोमोटिव ने देश की पहली एआई (AI) तकनीक से लैस इलेक्ट्रिक स्पोर्ट्स बाइक पेश कर ऑटोमोबाइल सेक्टर में हलचल पैदा कर दी है।

हादसा होते ही परिजनों को मिलेगी सूचना

सड़क दुर्घटनाओं के दौरान समय पर मदद न मिल पाना भारत में एक बड़ी चुनौती है। इस बाइक में एडवांस्ड एआई आधारित क्रैश डिटेक्शन सिस्टम लगाया गया है। यदि बाइक किसी गंभीर टक्कर का शिकार होती है, तो यह सिस्टम स्वतः सक्रिय हो जाता है और राइडर के चुने हुए चार परिजनों को रियल-टाइम लोकेशन के साथ तुरंत अलर्ट मैसेज भेज देता है। इससे आपातकालीन स्थिति में मदद जल्द से जल्द मौके पर पहुंच सकेगी।

शानदार रेंज और रफ्तार

कंपनी के प्रतिनिधि हमजा खालिद ने बताया कि यह बाइक प्रदर्शन और पावर का बेहतरीन संयोजन है:

बैटरी विकल्प: यह बाइक दो बैटरी पैक में उपलब्ध है। 7 kWh वर्जन एक बार फुल चार्ज होने पर 200 किमी से अधिक की रेंज देता है, जबकि 10 kWh पैक के साथ यह रेंज 300 किमी से ऊपर तक जाती है।

मोटर: इसमें हाई-परफॉर्मेंस मोटर दी गई है जो इसे प्रीमियम इलेक्ट्रिक सेगमेंट में खड़ा करती है।

फास्ट चार्जिंग की सुविधा

चार्जिंग को लेकर कंपनी ने ग्राहकों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा है। सामान्य चार्जर से यह बाइक 6 घंटे में फुल चार्ज होती है, लेकिन बूस्ट चार्जर के इस्तेमाल से इसे मात्र ढाई से तीन घंटे में पूरी तरह चार्ज किया जा सकता है। इसकी बैटरी तकनीक को प्रीमियम कारों के सुरक्षा मानकों के समकक्ष बताया जा रहा है।

Similar News