प्रियंका गांधी का भाजपा पर बड़ा हमला: 20 आरोपों वाली 'जनता की चार्जशीट' जारी
गुवाहाटी आगामी असम विधानसभा चुनाव को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के असम दौरे के दौरान 'जनता की चार्जशीट' जारी की। इस चार्जशीट के जरिए कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला किया है। इसमें राज्य सरकार पर बेरोजगारी, बढ़ती महंगाई, किसानों की अनदेखी, शिक्षा व्यवस्था में गिरावट और सामाजिक भाईचारा बिगाड़ने जैसे कुल 20 आरोप लगाए गए हैं।
प्रदेश कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि यह चार्जशीट जनता से मिली राय और जमीनी सर्वे के आधार पर तैयार की गई है। पार्टी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने युवाओं को रोजगार देने के वादे पूरे नहीं किए। साथ ही, सरकार महंगाई पर लगाम लगाने और किसानों को फसलों का सही दाम दिलाने में भी नाकाम रही है।
अपने दो दिवसीय दौरे पर पहुंचीं प्रियंका गांधी ने गुवाहाटी के प्रसिद्ध कामाख्या मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस असम में शांति, एकता और विकास की राजनीति को आगे बढ़ाएगी। इसके बाद उन्होंने पार्टी दफ्तर राजीव भवन में स्क्रीनिंग कमेटी की अध्यक्षता की। इस बैठक में उम्मीदवार चयन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने, स्थानीय नेताओं की राय को प्राथमिकता देने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर चर्चा हुई।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज को चुनाव का मुख्य मुद्दा बनाएगी। उन्होंने महिला और युवा कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे सरकार की नाकामियों को घर-घर तक पहुंचाएं। दूसरी ओर, भाजपा ने प्रियंका गांधी के साथ कांग्रेस नेता इमरान मसूद की मौजूदगी पर सवाल उठाए हैं। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर समाज को बांटने वाली राजनीति करने का आरोप लगाया। हालांकि, कांग्रेस ने इन आरोपों को पूरी तरह गलत बताया है। जानकारों का मानना है कि इस चार्जशीट के बाद असम का चुनावी मुकाबला सीधे मुद्दों की लड़ाई बनाने की कोशिश की
है।