एकनाथ शिंदे के गढ़ में BJP के मंत्री का जनता दरबार, कहा- महायुति में राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता नहीं
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और वन मंत्री गणेश नाइक ने सोमवार को ठाणे में 'जनता दरबार' (जन सुनवाई) आयोजित किया। ठाणे उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का गृह क्षेत्र है, जहां कुछ समय से भाजपा और शिवसेना के बीच मतभेदों की चर्चा हो रही है। नाइक ने इस दौरान महायुति गठबंधन में किसी प्रकार की राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता की अटकलों को खारिज किया और कहा कि राजनीति में नेतृत्व समय के सात बदलता है और यह जनता की स्वीकृति पर तय होता है।
एकनाथ शिंदे के बयान से फिर तेज हुईं अटकलें
नाइक ने यह भी कहा, 'अगला जनता दरबार भी अगले महीने ठाणे में होगा।' बीते कुछ हफ्तों से भाजपा और शिवसेना के संबंधों में तनाव की चर्चा चल रही थी। शुक्रवार को एकनथ शिंदे की 'मुझे हल्के में न लें' वाले बयान से एक बार फिर अटकलें तेज हो गईं। ठाणे के भाजपा नेता संजय वाघुले ने पत्रकारों को बताया कि सुबह आठ बजे जनता दरबार स्थल पर 400 से अधिक लोगों को टोकन वितरित किए गए।
महायुति सहयोगियों में कोई प्रतिस्पर्धा नहीं: गणेश नाइक
पड़ोसी नवी मुंबई से विधायक नाइक ने पत्रकारों से बातचीत में राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता की अटकोलों को खारिज किया और कहा कि जनता दरबार आयोजित करने का मकसद लंबी दूरी तय किए बिना लोगों की समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंद व अजित पवार के नेतृत्व में महायुति प्रगतिशील गठबंधन के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सहयोगियों में कोई प्रतिस्पर्धा या वर्चस्व की राजनीति नहीं है। नाइक ने आगे कहा कि भाजपा को ठाणे में भी मतदाताओं का समर्थन मिला। उन्होंने कहा, सियासत में उतार-चढ़ाव आते हैं। लेकिन जो बात मायने रखती है, वह है जनता के बीच छवि और लोगों से मिल रही स्वीकार्यता।
'ठाणे और पालघर की प्रत्येक तालुका का दौरा करेंगे'
इस कार्यक्रम में राष्ट्रवादी कांग्रेस (राकांपा) के नेता और भाजपा विधायक संजय केलकर व निरंजन डावखरे मौजूद थे। पालघर जिले के संरक्षक मंत्री नाइक ने अपने कैबिनेट सहयोगी और शिवेसना नेता प्रताप सरनाईक की पालघर में जनता दरबार आयोजित करने के एलान का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि वह नागरिकों की चिंताओं को दूर करने के लिए दोनों जिलों के प्रत्येक तालुका का दौरा करेंगे। नाइक के बेटे और पूर्व सांसद संजीव नाइक ने कहा कि जनता दरबार की पहल फडणवीस के निर्देश पर आयोजित की गई।