हादसा:: बडगाम में BSF जवानों को ले जा रही दो बस खाई में गिरी, पांच जवान बलिदान; कई घायल

Update: 2024-09-20 18:42 GMT

जम्मू कश्मीर

प्रदेश में सुरक्षाबलों के दो वाहन अनियंत्रित होकर खाइयों में पलट गए। इन हादसों में पांच जवानों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हैं। घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। बताया जाता है कि मध्य कश्मीर के बडगाम जिले में शुक्रवार को चुनाव ड्यूटी में लगे बीएसएफ जवानों को लेकर जा रही बस खाई में पलट गई।

हादसे में चार जवानों की मौत हो गई, जबकि 36 घायल हैं। गंभीर रूप से घायलों को श्रीनगर के स्किम्स सौरा में रेफर किया गया है। बाकी का इलाज जिला अस्पताल बडगाम और खान साहिब में चल रहा है। तीन मृतकों की पहचान दयानद, राम अजादिया सिंह और सुखबासी लाल के रूप में हुई है। फिलहाल घायल जवानों की पहचान नहीं हो पाई है।

 अधिकारी ने बताया कि ब्रेल वत्रहेल गांव के पास अनियंत्रित बस सड़क से फिसलकर खाई में जा गिरी। इसके तुरंत बाद पुलिस और सीआरपीएफ ने स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को खाई से निकालकर अस्पताल में भर्ती करवाया गया। देर शाम तक बचाव अभियान जारी था। इन जवानों को विधानसभा चुनाव में सुरक्षा व्यवस्था के लिए जिले में तैनात किया गया था।

बिलावर में घायल जवानों को एयर लिफ्ट कर पठानकोट भेजा गया

दूसरा हादसा कठुआ के बिलावर-मछेड़ी मार्ग पर शुक्रवार सुबह करीब साढ़े दस बजे हुआ। सेना के जवानों को ले जा रहा एक सैन्य वाहन (कैस्पर) गहरी खाई में गिर गया। हादसे में एक जवान की मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को एयरलिफ्ट कर सैन्य अस्पताल पठानकोट भेज दिया गया है। मृत जवान की पहचान मध्य प्रदेश के राम किशोर के रूप में हुई है।

मृत जवान के पार्थिव शरीर को भी पठानकोट सैन्य शिविर में ले जाया गया है। वाहन में कुमाऊं रेजीमेंट और 22 गोरखा राइफल के जवान सवार थे। घायल जवानों में चार उत्तराखंड, एक यूपी और एक तमिलनाडु के रहने वाले हैं।

हादसा बिलावर के सुकराला में आश्रम के पास संकरी सड़क पर हुआ। जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को वाहन से निकालकर एंबुलेंस की मदद से उपजिला अस्पताल बिलावर पहुंचाया गया।

ये जवान हुए घायल

अनिल सिंह (35),भूपेंद्र सिंह (30), महिपाल सिंह (45), लोकेंद्र सिंह (26) सभी उत्तराखंड, पप्पू यादव (34) उत्तर प्रदेश, सुंदर पंडेया (37) तमिलनाडु

Similar News