रोड शो में गरजे अमित शाह, असम में 90 से ज्यादा सीटों का किया दावा

By :  vijay
Update: 2026-03-28 18:50 GMT

गुवाहाटी  केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को असम विधानसभा चुनाव 2026 के मद्देनजर गुवाहाटी में रोड शो किया। असम चुनाव में भाजपा ने कई बड़े चेहरों के साथ पूरी ताकत झोंक दी है। अमित शाह के साथ भाजपा के प्रचार वाहन पर पार्टी के नेता प्रद्युत बोरदोलोई भी साथ दिखे।

गौरतलब है कि असम विधानसभा चुनाव 2026 से पहले ही प्रद्युत बोरदोलोई ने कांग्रेस का हाथ छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। असम चुनाव से पहले दोनों ही दलों में बागियों का बोलबाला रहा है।

भारी बहुमत से बनाएंगे असम में सरकार : अमित शाह

रोड शो के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा, "हम तीसरी बार भारी बहुमत से असम में सरकार बनाने जा रहे हैं। असम की जनता भारतीय जनता पार्टी और एनडीए की सरकार बनाने के लिए उत्सुक है। हम 90 से अधिक सीटों के साथ सरकार बनाएंगे।"

प्रद्युत बोरदोलोई ने कांग्रेस पर साधा निशाना

रोड शो से पहले असम से दो बार के सांसद प्रद्युत बोरदोलोई ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने अपनी पुरानी पार्टी पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पार्टी के भीतर उन्हें लगातार अपमानित किया जा रहा था और उनके आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाई जा रही थी। बता दें कि पांच दशकों तक कांग्रेस से जुड़े रहे बोरदोलोई अब भाजपा के टिकट पर दिसपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।

Similar News