जदयू में बड़ी हलचल: नीतीश कुमार ने शाम 5 बजे बुलाई विधायकों-सांसदों की इमरजेंसी बैठक, राज्यसभा जाने के फैसले पर मचेगा घमासान!
पटना। बिहार की राजनीति में आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण मोड़ ले सकता है। राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल करने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज शाम 5 बजे अपने सरकारी आवास पर जनता दल यूनाइटेड (JDU) के सभी विधायकों, सांसदों और विधान पार्षदों (MLC) की एक बड़ी बैठक बुलाई है। इस बैठक में पार्टी के भविष्य और नेतृत्व को लेकर बड़े फैसलों की उम्मीद जताई जा रही है।
भविष्य की रणनीति और राज्यसभा का 'सस्पेंस'
सूत्रों के अनुसार, नीतीश कुमार इस बैठक में अपने भविष्य के राजनीतिक कदमों का खाका पेश करेंगे। वे पार्टी के शीर्ष नेताओं और जनप्रतिनिधियों को राज्यसभा जाने के अपने व्यक्तिगत निर्णय के पीछे के कारणों से अवगत कराएंगे। साथ ही, बिहार की तेजी से बदलती राजनीतिक परिस्थितियों और राज्य की कमान किसे सौंपी जाए, इस पर भी गहन विचार-विमर्श होने की संभावना है।
कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी: 'नीति सेवक कर रहा पुकार'
नीतीश कुमार के सक्रिय राजनीति छोड़ दिल्ली (राज्यसभा) जाने की खबर ने जदयू के जमीनी कार्यकर्ताओं को झकझोर कर रख दिया है। कार्यकर्ताओं में इस फैसले को लेकर भारी बेचैनी और गुस्सा है। उनका मानना है कि वर्तमान राजनीतिक माहौल में नीतीश कुमार का बिहार में बने रहना पार्टी के अस्तित्व के लिए अनिवार्य है।
पटना की सड़कों पर उतरे पोस्टर
पार्टी कार्यकर्ताओं की यह नाराजगी अब सड़कों पर पोस्टरों के जरिए भी दिखने लगी है। पटना स्थित जदयू प्रदेश कार्यालय के बाहर और मुख्य चौराहों पर बड़े-बड़े पोस्टर लगाए गए हैं, जिनमें मुख्यमंत्री से भावुक अपील की गई है। एक पोस्टर पर लिखा है— 'नीति सेवक कर रहा पुकार, नेता करें अपने निर्णय पर पुनः विचार।' अब सभी की नजरें शाम 5 बजे होने वाली इस हाई-प्रोफाइल बैठक पर टिकी हैं कि क्या नीतीश कुमार कार्यकर्ताओं की भावना को देखते हुए अपना फैसला बदलेंगे या नई पारी की शुरुआत करेंगे।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.
