भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। निशातपुरा थाना क्षेत्र की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास स्थित पानी की टंकी से बक्से में बंद एक महिला का शव बरामद हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार टंकी के पास पिछले कुछ समय से तेज दुर्गंध आ रही थी। शक होने पर लोगों ने पास जाकर देखा तो पानी में एक संदिग्ध बक्सा दिखाई दिया। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने बक्से को पानी से बाहर निकलवाया। जब उसे खोला गया तो अंदर एक महिला का शव मिला।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक शव दो से तीन दिन पुराना हो सकता है, क्योंकि वह फूल चुका था। फिलहाल मृतका की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में हाल ही में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है ताकि महिला की पहचान की जा सके।
प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या कहीं और की गई और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को बक्से में बंद कर पानी की टंकी में फेंका गया। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
