प्रमिलाताई मेढे ने 97 वर्ष की उम्र में लीं अंतिम सांस, पीएम मोदी और भागवत ने दी श्रद्धांजलि

By :  vijay
Update: 2025-07-31 15:00 GMT
प्रमिलाताई मेढे ने 97 वर्ष की उम्र में लीं अंतिम सांस, पीएम मोदी और भागवत ने दी श्रद्धांजलि
  • whatsapp icon

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की महिला शाखा राष्ट्रीय सेविका समिति की पूर्व प्रमुख संचालिका प्रमिलाताई मेढे का गुरुवार सुबह नागपुर में निधन हो गया। वे 97 वर्ष की थीं और पिछले तीन महीने से अस्वस्थ चल रही थीं। उनकी हालत बीते 15 दिनों से गंभीर थी। समिति की ओर से जारी बयान के मुताबिक, उन्होंने सुबह 9:05 बजे देवी अहिल्या मंदिर (उनका निवास) में अंतिम सांस ली।

प्रमिलाताई मेढे के निधन पर पीएम मोदी ने जताया दुख

प्रमिलाताई मेढे के निधन पर पीएम नरेंद्र मोदी ने शोक जताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दुख व्यक्त करते हुए लिखा कि उनका पूरा जीवन समाज और राष्ट्र सेवा को समर्पित रहा। महिला सशक्तिकरण और सामाजिक कार्यों में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा।

आरएसएस प्रमुख ने भी जताया दुख

वहीं आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत और वर्तमान संचालिका शांतक्का ने देवी अहिल्या मंदिर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। भागवत ने कहा कि उनके जाने से स्नेह का एक स्रोत चला गया है। उन्होंने कठिन हालात में पूर्वोत्तर भारत में संगठन का कार्य किया। उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा है। भागवत ने यह भी बताया कि प्रमिलाताई ने मृत्यु के बाद अपने शरीर को एम्स नागपुर को दान करने की इच्छा जताई थी, जिसे शुक्रवार को पूरा किया जाएगा।

नितिन गडकरी ने भी दी श्रद्धांजलि

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने उन्हें देशभक्ति और महिला सशक्तिकरण की प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि प्रमिलाताई का योगदान राष्ट्रीय सेविका समिति को देशभर में फैलाने में अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि प्रमिलाताई समिति की चौथी संचालिका थीं और शुरू से ही संगठन से जुड़ी रहीं। उन्होंने पूरे जीवन को सेवा, अनुशासन और त्याग के पथ पर समर्पित किया। उनके निधन से सैकड़ों सेविकाओं और स्वयंसेवकों ने एक मातृवत मार्गदर्शक को खो दिया है।

Similar News