ठाकुर जी को निहारते रह गए योगी… बांके बिहारी मंदिर में अचानक पहुंचे सीएम, दी 6.43 अरब की सौगात

Update: 2024-08-25 18:01 GMT

वृंदावन/मथुरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मथुरा में सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान अचानक ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन का कार्यक्रम बनाया और देर शाम मंदिर पहुंच गए। यहां सेवायत ने मंत्रोच्चारण के मध्य उन्हें पूजन कराया।

सीएम के पूर्व से निर्धारित कार्यक्रम में ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर दर्शन का कार्यक्रम नहीं था। मथुरा आने के बाद उन्होंने अधिकारियों से दर्शन की इच्छा जताई। अधिकारियों ने तत्काल मंदिर की गलियों में सुरक्षा बढ़ाई। शयन आरती से ठीक पहले मंदिर पहुंचे मुख्यमंत्री ठाकुर जी की अद्भुत छवि को निहारते रहे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के ब्रज की पहचान आस्था, कला, विश्वास, संस्कृति व प्रेम से है। हमारे पास लंबी विरासत है, संतों ने इसे संभाल कर रखा और कथा, भोजपत्रों, पांडुलिपियों, गुरु-शिष्य परंपरा के माध्यम से संरक्षण किया।

प्राचीन वैभव की ओर लौटाने का प्रयास

सीएम ने 6.43 अरब की 138 परियोजनाओं का लोकार्पण और 3.94 अरब की 40 परियोजनाओं का एक साथ बटन दबाकर शिलान्यास किया। उन्हें मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी और उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र ने चित्रकार कृष्णा कन्हाई द्वारा बनाई गई भगवान श्रीकृष्ण की छवि भेंट की। 

Similar News