मुठभेड़: 50 हजार का इनामी शूटर पवन बंसल ढेर, एसटीएफ और पुलिस का संयुक्त ऑपरेशन

Update: 2026-02-28 09:27 GMT

 आगरा । उत्तर प्रदेश के आगरा में देर रात नोएडा एसटीएफ और स्थानीय पुलिस के एक संयुक्त ऑपरेशन में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश और कुख्यात शूटर पवन बंसल उर्फ कल्लू पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। थाना एकता क्षेत्र में हुई इस भीषण मुठभेड़ में बदमाश की ओर से करीब 20 राउंड फायरिंग की गई, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ गोलियां चलाईं।

18 संगीन मुकदमों का था आरोपी

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, 35 वर्षीय पवन बंसल मूल रूप से गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र का निवासी था। उस पर हत्या, लूट और पुलिस टीम पर हमले जैसे कुल 18 संगीन आपराधिक मामले दर्ज थे। वह लंबे समय से वांछित चल रहा था और पुलिस को उसकी सरगर्मी से तलाश थी।

20 मिनट तक चली दनादन फायरिंग

एसटीएफ एएसपी राजकुमार मिश्रा ने बताया कि सटीक सूचना के आधार पर पुलिस और एसटीएफ की टीम ने पवन और उसके एक साथी की घेराबंदी की थी। पुलिस ने उन्हें आत्मसमर्पण के लिए ललकारा, लेकिन बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। लगभग 15 से 20 मिनट तक चली इस मुठभेड़ में पवन ने करीब 20 राउंड गोलियां दागीं। जवाबी कार्रवाई में एसटीएफ की ओर से 5 राउंड फायर किए गए, जिसमें एक गोली पवन के सीने में जा लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा।

विदेशी पिस्टल बरामद, साथी फरार

घायल शूटर को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ में दो सिपाही भी घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है। वहीं, एसटीएफ के इंस्पेक्टर केशव की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोली लगने से वे बाल-बाल बच गए। मौके से पुलिस ने सिपाही से लूटी गई 9 एमएम पिस्टल और एक 'मेड इन इटली' अत्याधुनिक पिस्टल बरामद की है। पवन का एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में इलाके में सघन कॉम्बिंग जारी है।

Similar News