19 अप्रैल को अक्षय तृतीया पर होगा 'विराट सकल हिन्दू समाज सामूहिक विवाह'

Update: 2026-03-12 18:26 GMT


भीलवाड़ा। वस्त्र नगरी भीलवाड़ा में आगामी 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर एक ऐतिहासिक और भव्य नजारा देखने को मिलेगा। निंबार्क पारमार्थिक सेवा ट्रस्ट के तत्वाधान में आयोजित होने वाला ‘विराट सकल हिन्दू समाज सामूहिक विवाह’ समारोह इस बार भक्ति, शक्ति और सेवा का त्रिवेणी संगम बनेगा।

महंत मोहनशरण शास्त्री के सानिध्य में 31 जोड़ों का पंजीयन

निंबार्क आश्रम के महंत गुरुदेव मोहनशरण शास्त्री के पावन सानिध्य में आयोजित होने वाले इस सामूहिक विवाह महोत्सव के लिए अब तक कुल 31 जोड़ों का पंजीयन किया जा चुका है। ट्रस्ट के जिलाध्यक्ष एडवोकेट कैलाश अरोड़ा ने बताया कि आयोजन की तैयारियां युद्ध स्तर पर जारी हैं और हाल ही में समारोह के पोस्टर का विमोचन भी किया गया है।

विशेष आकर्षण: शालिग्राम जी और माता तुलसी का विवाह

इस बार के आयोजन में विशेष आकर्षण भगवान शालिग्राम जी और माता तुलसी का विवाह होगा, जिसे पूरे विधि-विधान और धूमधाम के साथ संपन्न कराया जाएगा। यह आयोजन न केवल सामाजिक समरसता की मिसाल पेश करेगा, बल्कि संस्कारों के पोषण का भी माध्यम बनेगा।

राजसी ठाट-बाट से निकलेगी भव्य शोभायात्रा

समारोह के दौरान निकलने वाली वर-वधु की शोभायात्रा शहरवासियों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगी। एडवोकेट अरोड़ा के अनुसार, नगर निगम चित्रकूट धाम से गाजे-बाजे के साथ भव्य शोभायात्रा रवाना होगी। यह यात्रा बालाजी मार्केट, सूचना केंद्र, गर्ल्स कॉलेज और बड़ला चौराहा होते हुए श्रृंगी महर्षि संस्थान पहुंचेगी।

शोभायात्रा में घोड़े, बग्घियां और बैंड की मधुर धुनें गूंजेंगी, जिसमें वर-वधु राजसी ठाट-बाट के साथ निकलेंगे। मार्ग में जगह-जगह शहरवासियों द्वारा पुष्प वर्षा कर जोड़ों का भव्य स्वागत किया जाएगा। ट्रस्ट के सभी कार्यकर्ता इस पुनीत कार्य को सफल बनाने के लिए तन, मन और धन से जुटे हुए हैं।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.

Similar News