मुंबई।
टीवी जगत की जानी-मानी अभिनेत्री नूपुर अलंकार ने अभिनय की दुनिया को पूरी तरह अलविदा कह दिया है। 90 के दशक से लेकर नए दौर तक छोटे पर्दे पर अपनी पहचान बनाने वाली नूपुर ने साल 2022 में एक्टिंग छोड़ दी थी। इसके बाद से वह प्रभु भक्ति और साधना में लीन दिखाई दे रही हैं।
हाल ही में नूपुर ने कुछ तस्वीरें साझा कीं, जिनमें वह साध्वी के रूप में नजर आ रही हैं। माथे पर चंदन, भगवा वस्त्र और गले में कंठी माला उनके संन्यासी रूप का प्रमाण हैं। फिलहाल वे हिमालय क्षेत्र के देवी-देवताओं के मंदिरों में दर्शन यात्रा पर हैं।
नूपुर ने धीरे-धीरे सोशल मीडिया और दिखावे की दुनिया से दूरी बना ली है। उनके आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर साल 2023 में किया गया आखिरी पोस्ट यही दर्शाता है कि उन्होंने भौतिक जीवन से पूर्ण विराम ले लिया है।
संन्यास लेने के बाद उन्होंने न केवल मनोरंजन जगत से दूरी बनाई, बल्कि अपनी 20 साल पुरानी शादी को भी समाप्त कर दिया। फिलहाल वे कहां हैं और क्या कर रही हैं, इसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं है।
नूपुर अलंकार ने अपने लंबे करियर में कई चर्चित टीवी धारावाहिकों में काम किया, जिनमें शक्तिमान, करिश्मा का करिश्मा, सुराग, अगले जन्म मोहे बिटिया कीजे, रेत, भागे रे मन और दिया और बाती जैसे सीरियल शामिल हैं। उन्होंने रणबीर कपूर की पहली फिल्म सांवरिया में भी अहम किरदार निभाया था।
