40 साल बाद स्क्रीन पर लौटे दो महानायक: 'कल्कि 2' के लिए अमिताभ और कमल हासन ने मिलाया हाथ, हैदराबाद में शूटिंग शुरू
**हैदराबाद भारतीय सिनेमा के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। सिल्वर स्क्रीन के दो सबसे बड़े दिग्गज, अमिताभ बच्चन और कमल हासन, लगभग चार दशकों के लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर साथ नजर आएंगे। फिल्म 'कल्कि 2898 AD' के ब्लॉकबस्टर सीक्वल 'कल्कि 2' की शूटिंग हैदराबाद में शुरू हो चुकी है, जिसने सिनेप्रेमियों के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया है।
अमिताभ बच्चन और कमल हासन आखिरी बार 1985 में आई सुपरहिट फिल्म 'गिरफ्तार' में एक साथ दिखाई दिए थे। उस दौर में इस जोड़ी ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया था। अब 40 साल बाद इन दो लेजेंड्स का दोबारा साथ आना फिल्म जगत के लिए किसी बड़े उत्सव से कम नहीं है। अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग के जरिए इस 'री-यूनियन' की पुष्टि की है और कमल हासन के साथ काम करने को लेकर अपनी खुशी जाहिर की है।
सेट से बिग बी का पैगाम: 'पहले काम, फिर आराम
हैदराबाद में फिल्म के व्यस्त शेड्यूल के बीच अमिताभ बच्चन ने अपने प्रशंसकों से माफी भी मांगी। उन्होंने बताया कि शूटिंग में व्यस्त रहने के कारण वह इस बार हर रविवार की तरह जलसा के बाहर अपने फैंस से नहीं मिल सके। बिग बी ने लिखा कि उनके लिए "पहले काम और फिर आराम" का सिद्धांत सर्वोपरि है। उन्होंने आश्वासन दिया कि शूटिंग खत्म होते ही वह फिर से अपने प्रशंसकों के बीच होंगे।
कल्कि 2 से बढ़ी उम्मीदें
'कल्कि' के पहले भाग की अपार सफलता के बाद, निर्देशक नाग अश्विन इसके दूसरे भाग को और भी भव्य बनाने में जुटे हैं। फिल्म में अमिताभ बच्चन के 'अश्वत्थामा' और कमल हासन के 'यास्किन' वाले किरदारों के बीच की टक्कर को देखना दर्शकों के लिए सबसे रोमांचक अनुभव होने वाला है।