दिल्ली की नई मुख्यमंत्री होंगी आतिशी, चुनी गईं विधायक दल की नेता

By :  vijay
Update: 2024-09-17 06:31 GMT

नई दिल्ली : दिल्ली की नई  मुख्यमंत्री आतिशी होंगी। आज आम आदमी पार्टी की विधायक दल की मीटिंग में इस पर फैसला हुआ कि आतिशी को दिल्ली की नई मुख्यमंत्री बनाया जाएगा। इससे पहले आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल मुख्यमंत्री बनने की इच्छुक नही हैं।

  केजरीवाल के जेल जान के बाद सरकार की सबसे ताकतवर मंत्री के रूप में उभरीं आतिशी कालकाजी से पहली बार की विधायक हैं। दिल्ली की शिक्षा नीति बनाने में भी उनकी अहम भूमिका रही है। आतिशी को केजरीवाल और सिसोदिया दोनों का विश्वासपात्र माना जाता है। करीब 18 विभागों को संभाल रहीं आतिशी के पास अब प्रशासन का अच्छा अनुभव है। वह पार्टी के पक्ष को मजबूती से मीडिया के सामने रखती रही हैं। आतिशी को सीएम बनाकर केजरीवाल ने विधानसभा चुनाव से पहले आधी आबादी को भी साधने की कोशिश की है।

कथित शराब घोटाले में कई महीनों तक जेल में रहने के बाद बाहर निकले केजरीवाल ने रविवार को इस्तीफे की घोषणा की थी। वह मंगलवार शाम एलजी वीके सक्सेना को अपना इस्तीफा सौंप देंगे। केजरीवाल ने कहा है कि वह तब तक दोबारा सीएम की कुर्सी पर नहीं बैठेंगे जब तक चुनाव जीतकर जनता से ईमानदारी का सर्टिफिकेट हासिल नहीं कर लेते हैं।

Similar News