चैत्र शुक्ल प्रतिपदा पर 19 मार्च को राजस्थान दिवस का महाकुंभ: जालोर में मुख्य समारोह, जयपुर में बिखरेगी सांस्कृतिक छटा

Update: 2026-03-11 17:24 GMT


जयपुर: राजस्थान की भजनलाल सरकार इस बार भारतीय नववर्ष यानी चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के पावन अवसर पर राजस्थान दिवस को भव्य स्वरूप देने जा रही है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर शुरू हुई इस नई परंपरा के तहत आगामी 19 मार्च को समूचे प्रदेश में राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में गौरवशाली कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

जालोर बनेगा उत्सव का केंद्र, लाभार्थियों से होगा संवाद

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, इस वर्ष राजस्थान दिवस का मुख्य समारोह 19 मार्च को जालोर में आयोजित किया जाएगा। इस विशेष अवसर पर एक विशाल लाभार्थी सम्मेलन होगा, जिसमें मुख्यमंत्री स्वयं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से सीधा संवाद करेंगे। साथ ही, इसी मंच से विभिन्न योजनाओं का लाभ 'प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण' (DBT) के माध्यम से सीधे खातों में भेजा जाएगा।

14 मार्च से ही शुरू हो जाएगी आयोजनों की धूम

राजस्थान दिवस का यह उत्सव केवल एक दिन का नहीं, बल्कि पांच दिवसीय महोत्सव होगा। प्रदेशभर में 14 मार्च से ही विभिन्न सांस्कृतिक, खेलकूद और गौरव यात्राओं की शुरुआत हो जाएगी, जो 19 मार्च तक अनवरत जारी रहेगी। सरकार का उद्देश्य राजस्थान की समृद्ध विरासत और वीर गाथाओं को जन-जन तक पहुंचाना है।

जयपुर में सजेगी सुरों की महफिल

19 मार्च की शाम प्रदेश की राजधानी जयपुर के नाम रहेगी। यहां राज्य स्तरीय भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रदेश के प्रसिद्ध कलाकार राजस्थानी लोक कला, संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों से केसरिया बालम की धरती का गौरव गान करेंगे। इस दौरान जयपुर के प्रमुख स्मारकों पर विशेष रोशनी भी की जाएगी।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.

Similar News