एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता, अफवाहों पर ध्यान न दें — मुख्य सचिव की वीसी में दिए निर्देश

Update: 2026-03-11 17:43 GMT

चित्तौड़गढ़ । बुधवार को राजस्थान सरकार के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एलपीजी गैस के वितरण एवं भंडारण व्यवस्था को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित की गई। बैठक में एलपीजी कंपनियों के अधिकारी, खाद्य विभाग के सचिव तथा पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान मुख्य सचिव ने वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए एलपीजी गैस के वितरण एवं भंडारण संबंधी विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने गैस की आपूर्ति व्यवस्था पर सतत निगरानी रखने और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने देने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला कलक्टर आलोक रंजन ने जिले में एलपीजी गैस के स्टॉक और वितरण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए रसद विभाग, पुलिस विभाग तथा ऑयल कंपनियों के सेल्स अधिकारियों को राज्य सरकार के निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने तथा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।

चित्तौड़गढ़ जिले में वर्तमान में कुल 28 गैस एजेंसियां संचालित हैं, जिनके माध्यम से लगभग 3,85,680 सक्रिय घरेलू गैस कनेक्शन उपभोक्ताओं को सेवा प्रदान की जा रही है। सभी गैस एजेंसियों पर घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।

उपभोक्ता पूर्व की भांति ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से गैस सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं। एक सिलेंडर प्राप्त करने के 25 दिन बाद पुनः ऑनलाइन बुकिंग करवाई जा सकती है तथा ओटीपी प्राप्त होने के बाद सिलेंडर की डिलीवरी ली जा सकेगी।

ऑयल कंपनियों के अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में आश्वस्त किया कि घरेलू गैस सिलेंडरों की निर्बाध आपूर्ति जारी है। अतः आमजन किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। 19 किलो के व्यावसायिक गैस सिलेंडर की आपूर्ति उपलब्धता के आधार पर की जाएगी।

एलपीजी गैस से संबंधित किसी भी शिकायत के लिए जिला प्रशासन के कंट्रोल नंबर 01472-240951, खाद्य विभाग के हेल्पलाइन नंबर 1445 तथा पुलिस विभाग के कंट्रोल नंबर 112 पर संपर्क किया जा सकता है।

Similar News