म्हारो पावन चित्तौड़” अभियान तेज : पांडल पोल झरना क्षेत्र व बेडच नदी में दूसरे दिन भी चला सफाई अभियान

Update: 2026-03-10 17:10 GMT



चित्तौड़गढ़, । “म्हारो पावन चित्तौड़” अभियान के तहत ऐतिहासिक चित्तौड़गढ़ दुर्ग क्षेत्र एवं शहर की जीवनदायिनी बेडच नदी को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा विशेष पहल की जा रही है। जिला कलक्टर आलोक रंजन के निर्देशानुसार नगर परिषद द्वारा विभिन्न स्थानों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है, जो लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा।

पांडल पोल झरना क्षेत्र में लगातार दूसरे दिन सफाई

गौरतलब है कि शनिवार प्रातः जिला कलक्टर ने दुर्ग के मुख्य द्वार पांडल पोल के समीप स्थित झरनेश्वर महादेव क्षेत्र का निरीक्षण कर क्षेत्र को स्वच्छ, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए थे। जिला कलक्टर के निर्देशों की अनुपालना में नगर परिषद आयुक्त रविंद्र मेघवाल (प्रशिक्षु आईएएस) के नेतृत्व में पांडल पोल झरना क्षेत्र में व्यापक सफाई कार्य किया जा रहा है। अभियान के तहत झाड़ियों की कटाई-छंटाई, कचरे की सफाई तथा आसपास के क्षेत्र को व्यवस्थित करने का कार्य लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा।

बेडच नदी में भी विशेष सफाई अभियान जारी

इसी क्रम में शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के उद्देश्य से बेडच नदी की विशेष सफाई का कार्य भी दूसरे दिन जारी रहा। प्रशिक्षु आईएएस एवं नगर परिषद आयुक्त रविंद्र मेघवाल के निर्देशन में नगर परिषद की टीम द्वारा नदी में जमा कचरा, प्लास्टिक तथा अन्य अपशिष्ट को हटाने का कार्य किया जा रहा है। अभियान के तहत नदी के किनारों एवं नदी के भीतर जमा कचरे को निकालकर उसका उचित निस्तारण किया जा रहा है, जिससे नदी का प्राकृतिक प्रवाह सुचारु बना रहे और आसपास का वातावरण स्वच्छ रह सके।

नगर परिषद ने आमजन से अपील की है कि वे बेडच नदी में कचरा या प्लास्टिक न डालें तथा शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। “म्हारो पावन चित्तौड़” अभियान के माध्यम से बेडच नदी को स्वच्छ, सुंदर एवं प्रदूषण मुक्त बनाने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।

Similar News