सर्वधर्म प्रार्थना सभा के साथ गाइड ग्रुप प्रशिक्षण शिविर संपन्न

Update: 2026-03-10 14:50 GMT

चित्तौड़गढ़। राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड जिला मुख्यालय के तत्वाधान में आयोजित बीएसटीसी गाइड ग्रुप प्रशिक्षण शिविर का समापन सर्वधर्म प्रार्थना सभा और ध्वजावतरण के साथ हुआ। किला रोड स्थित बी.पी. पार्क प्रशिक्षण केंद्र पर 2 मार्च से शुरू हुए इस शिविर में आर.एन.टी. गर्ल्स स्कूल और आर.एन.टी. इंस्टीट्यूट ऑफ बीएसटीसी, कपासन की कुल 108 छात्रा अध्यापिकाओं ने भाग लिया।

शिविर के दौरान अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी राकेश पुरोहित ने अवलोकन करते हुए महिलाओं की सामाजिक भूमिका पर प्रकाश डाला। समापन समारोह के मुख्य अतिथि मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार दशोरा ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई देते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण में महिलाओं की अग्रणी भूमिका अनिवार्य है। विशिष्ट अतिथि सीबीईओ शम्भू लाल सोमानी ने अनुशासन और समयबद्धता को सफलता की कुंजी बताया, वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे लीडर ट्रेनर इन्द्र लाल आमेटा ने कहा कि स्काउटिंग जीवन जीने की कला और समाज सेवा के गुणों का विकास करती है।

प्रतियोगिता के परिणाम और सम्मान

राजस्थान दिवस की श्रृंखला में आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया:

चित्रकला: प्रथम स्थान पर निकिता कुमावत, शिवानी सेन, डिम्पल अहारी व संजना विश्नोई रहीं। द्वितीय स्थान डिम्पल कुमारी खटीक, शिवास्त्री सुखवाल व महक पंचोली ने प्राप्त किया।

रंगोली: रीना जाट, हितेश्री चौहान, आरती पालीवाल, रतना व काजल की टीम प्रथम रही। द्वितीय स्थान पर चांदनी, दीपिका व संगीता की टीम तथा तृतीय स्थान पर कृष्णा वैष्णव व गरिमा टेलर की टीम रही।

शिविर में संभागियों को प्राथमिक सहायता, आपदा प्रबंधन, आत्मरक्षा और साइबर क्राइम जैसे महत्वपूर्ण विषयों का प्रशिक्षण दक्ष प्रशिक्षकों द्वारा दिया गया। इस अवसर पर सीओ स्काउट चंद्र शंकर श्रीवास्तव, शिविर संचालक चतर सिंह राजपूत सहित कई गणमान्य उपस्थित थे।

Similar News