चित्तौड़गढ़। बहुचर्चित रमेश ईनाणी हत्याकांड के मुख्य आरोपी और रामस्नेही संप्रदाय से बर्खास्त किए गए रमता राम की मुश्किलें अब और बढ़ने वाली हैं। लंबे समय से फरार चल रहे शातिर रमता राम पर पुलिस ने शिकंजा कसते हुए अब इनाम की राशि को पांच गुना बढ़ा दिया है। पूर्व में घोषित ₹5000 के इनाम को बढ़ाकर अब ₹25000 कर दिया गया है।
बता दें कि रमता राम रामस्नेही संप्रदाय रामद्वारा, चित्तौड़गढ़ के प्रमुख पद पर आसीन थे। उन पर आरोप है कि उन्होंने ही कोरियर व्यवसायी रमेश ईनाणी की हत्या की पूरी साजिश रची। पिछले साल 11 नवंबर को जब रमेश ईनाणी स्कूटी से जा रहे थे, तब उनकी गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे जिले को हिलाकर रख दिया था।
पुलिस इस मामले में अब तक एक संत सहित एक अन्य आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा चुकी है, लेकिन मुख्य सूत्रधार रमता राम अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर है। मामले की गंभीरता और आरोपी की शातिर चालों को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने इनाम की राशि बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि जो भी व्यक्ति फरार रमता राम के बारे में पुख्ता जानकारी देगा, उसे ₹25,000 का नकद इनाम दिया जाएगा और सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।