कौम के बच्चों के बेहतर मुस्तकबिल के लिए दरगाह पर फातेहा व दुआ

Update: 2026-03-09 10:16 GMT

निंबाहेड़ा, |रज़ा एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसाइटी की ओर से रविवार को घोड़ादेह बाबा साहब की दरगाह पर कौम के बच्चों के बेहतर मुस्तकबिल और तालीमी कामयाबी के लिए बारगाह-ए-खुदा में फातेहा व दुआ का एहतमाम किया गया। इस दौरान CBSE एवं RBSE बोर्ड के कक्षा 10 वीं और 12 वीं के विद्यार्थियों के अच्छे रिजल्ट और उज्ज्वल भविष्य के लिए विशेष दुआएं मांगी गईं।

सोसाइटी के जिम्मेदारान ने बताया कि दोनों बोर्ड की परीक्षाएं लगभग समाप्ति की ओर हैं और जल्द ही रिजल्ट घोषित होने वाले हैं। ऐसे में शहर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के स्टूडेंट्स के बेहतर परिणाम के लिए सोसाइटी द्वारा हर मुमकिन कोशिश की जा रही है।

उन्होंने बताया कि परीक्षा परिणाम आने के बाद विद्यार्थियों के मार्गदर्शन के लिए रज़ा एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसाइटी की ओर से शीघ्र ही करियर काउंसलिंग कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा, जिससे छात्र-छात्राओं को अपने भविष्य के लिए सही दिशा मिल सके।

दुआ कार्यक्रम के दौरान दरगाह शरीफ में सामूहिक रूप से फातेहा पढ़ी गई तथा कौम के बच्चों की कामयाबी और बेहतर मुस्तकबिल के लिए बारगाह-ए-खुदा में दुआएं की गईं। इस मौके पर खुदा की रज़ामंदी के लिए दरगाह के समीप स्थित नदी में मछलियों को फातेह में पेश किए गए चने भी डाले गए।

इस अवसर पर पुरानी ईदगाह मस्जिद के इमाम हाजी यूसुफ निजामी, रज़ा कॉलोनी स्थित आला हजरत मस्जिद के इमाम आलिम रिजवान, मौलाना इमरान, सोसाइटी अध्यक्ष हाजी मोहम्मद फारूक, सेवानिवृत्त प्रिंसिपल लुकमान खान, सीराज मेव, आमिर अनवर, नाजिम अंसारी, रशीद खान, एडवोकेट सैयद साजिद अली, एडवोकेट यासीन,आजाद भिश्ती, एजाज खान,अहमद खान, सिकंदर खान, वली मोहम्मद पटवारी तथा सेवानिवृत्त प्रिंसिपल फैज अहमद सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Similar News