गृह रक्षा प्रशिक्षण केन्द्र में स्वयंसेवकों की नामांकन प्रक्रिया 22 व 23 मार्च को
चित्तौड़गढ़। गृह रक्षा प्रशिक्षण केन्द्र, चित्तौड़गढ़ द्वारा स्वयंसेवकों की नामांकन प्रक्रिया का आयोजन 22 से 23 मार्च 2026 तक महात्मा गांधी ग्राउण्ड, चेतक सर्किल के पास, उदयपुर में किया जाएगा। यह नामांकन प्रक्रिया निदेशालय गृह रक्षा, राजस्थान जयपुर द्वारा गठित चयन समिति (बोर्ड) के सदस्यों की उपस्थिति में सम्पन्न होगी।
कमाण्डेन्ट गृह रक्षा प्रशिक्षण केन्द्र रवि सिंह ने बताया कि चयन समिति में केन्द्र/गण के समादेष्टा अथवा गण समादेष्टा, गृह रक्षा महानिदेशक के प्रतिनिधि तथा जिला पुलिस अधीक्षक के प्रतिनिधि सदस्य के रूप में उपस्थित रहेंगे। दो दिवसीय नामांकन प्रक्रिया में केन्द्र के 120 रिक्त पदों के विरुद्ध कुल 4258 अभ्यर्थी भाग लेंगे।
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों को नामांकन प्रक्रिया के संबंध में सूचना मोबाइल पर एसएमएस एवं ई-मेल के माध्यम से भेजी जाएगी। इसके पश्चात अभ्यर्थी दिए गए लिंक अथवा विभागीय वेबसाइट http://home.rajasthan.gov.in/homeguards� पर जाकर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। गृह रक्षा स्वयंसेवकों की नामांकन प्रक्रिया लगभग तीन सप्ताह तक चलना संभावित है, जिसके अंतर्गत अलग-अलग जिलों के अभ्यर्थियों को अलग-अलग तिथियों पर उपस्थित होने के लिए बुलाया जाएगा।
अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर आवश्यक मूल दस्तावेज जैसे मूल निवास प्रमाण पत्र, आयु प्रमाण पत्र, शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, विशेष योग्यता प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, चिकित्सा प्रमाण पत्र, विवाह प्रमाण पत्र तथा पुलिस सत्यापन प्रमाण पत्र सहित उपस्थित होना अनिवार्य होगा। नामांकन स्थल में प्रवेश करने के बाद किसी भी अभ्यर्थी को ग्राउण्ड से बाहर जाकर दस्तावेज लाने की अनुमति नहीं होगी।